चंद्रपुर / घुग्घुस
भद्रावती के एक व्यवसायी से धोखाधड़ी कर दो ट्रक हड़पने और सबूत मिटाने के लिए उन्हें काटने वाले गिरोह का घुग्घुस पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में नागपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी छत्तीसगढ़ पुलिस की हिरासत में है।
जानकारी के अनुसार, गोविंद अतुल कुंडू (निवासी भद्रावती) के दो टाटा डंपर (MH-29-BE-1656, MH-29-BE-1657) को आरोपी साबीर अली सिराजुद्दीन सैयद ने खरीदने का झांसा देकर नोटरी के जरिए अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद तय रकम का भुगतान किए बिना ही ट्रक हड़प लिए गए।
पीड़ित की शिकायत पर घुग्घुस पुलिस थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी साबीर अली ने दोनों ट्रक नागपुर निवासी जिया उर रहमान उर्फ जिया अंसारी को सौंप दिए थे।
पुलिस टीम ने नागपुर में छापा मारकर जिया अंसारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि साबीर अली के कहने पर उसने दोनों ट्रकों को गैस कटर से काटकर उनके टुकड़े कर दिए। पुलिस ने उसके पास से ट्रकों के चेसिस के टुकड़े, टायर, ऑयल टैंक, फाइबर बोनट सहित अन्य अवशेष बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी साबीर अली सिराजुद्दीन सैयद के खिलाफ छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह के अपराध दर्ज हैं और वह फिलहाल वहां की पुलिस हिरासत में है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े और उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौघुले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रकाश राऊत के नेतृत्व में की गई। इस जांच में सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश पाटील और टीम की अहम भूमिका रही।
नागरिकों के लिए पुलिस की अपील :
पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने ट्रक या अन्य वाहन बेचते या किराए पर देते समय विशेष सावधानी बरतें—
केवल नोटरी पर भरोसा न करें, वाहन का लोन आधिकारिक रूप से ट्रांसफर कराएं
खरीदार की पहचान, पता और व्यवसाय की पूरी जांच करें
लेन-देन से पहले CIBIL स्कोर और आर्थिक स्थिति की पुष्टि करें
RTO की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने से पहले वाहन किसी को न सौंपें
पुलिस ने कहा कि सतर्कता बरतने से इस तरह की धोखाधड़ी और आर्थिक नुकसान से बचा जा सकता है।