होटल रिलैक्स में चल रहा था सेक्स रैकेट, दो पीड़ित महिलाओं को कराया मुक्त
चंद्रपुर : चंद्रपुर शहर के वडगांव स्थित होटल रिलैक्स में चल रहे कथित देह व्यापार के अड्डे पर स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया, जबकि होटल संचालक सहित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई से शहर के होटल व्यवसाय और अवैध गतिविधियों पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर बिछाया जाल
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वडगांव स्थित होटल रिलैक्स रूम एंड लॉजिंग में महिलाओं से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय अपराध शाखा की टीम सक्रिय हुई और अनैतिक व्यापार प्रतिबंध अधिनियम 1956 के तहत विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में पुलिस ने नकली ग्राहक भेजकर पूरे रैकेट की पुष्टि की। इसके बाद महिला पंच, सोशल वर्कर, अनैतिक मानव व्यापार प्रतिबंध कक्ष और पुलिस टीम के साथ होटल पर छापा मारा गया।
होटल में चल रहा था जिस्मफरोशी का धंधा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी सावजी पांडुरंग हस्तक (74) निवासी वडगांव, चंद्रपुर तथा उसका सहयोगी प्रदीप सावजी हस्तक (30) होटल में दो महिलाओं से देह व्यापार करवा रहे थे।
पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, नकद रकम, कंडोम बॉक्स, रजिस्टर और QR कोड सहित कुल 7,400 रुपये का सामान जब्त किया। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
दो पीड़ित महिलाओं को कराया गया मुक्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस का कहना है कि महिलाओं से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
रामनगर थाने में मामला दर्ज
आरोपियों के खिलाफ रामनगर पुलिस स्टेशन में अनैतिक व्यापार प्रतिबंध अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच रामनगर पुलिस कर रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में स्थानीय अपराध शाखा, साइबर पुलिस स्टेशन और अनैतिक मानव व्यापार प्रतिबंध कक्ष की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में पुलिसझ अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
शहर में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्ती
चंद्रपुर पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में चल रहे अवैध धंधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस अब होटल, लॉज और संदिग्ध ठिकानों पर निगरानी बढ़ा रही है। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए ऐसे अवैध रैकेट पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।