बल्लारपुर विसापुर में खूनी खेल: 17 वर्षीय युवक को दौड़ा-दौड़ाकर मौत के घाट उतारा
पुरानी रंजिश बनी कत्ल की वजह, 24 घंटे में एक नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
बल्लारपुर/विसापुर:
चंद्रपुर जिले के विसापुर में शुक्रवार शाम हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। महज 17 वर्षीय युवक को सरेआम दौड़ा-दौड़ाकर पहले धारदार हथियारों से हमला किया गया और फिर पत्थरों से सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस खौफनाक वारदात के बाद बल्लारपुर और विसापुर क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल फैल गया है।
मृतक की पहचान विराज राजेश आगधारी (17) निवासी किला वार्ड, बल्लारपुर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब तीन महीने पहले हुए विवाद की दुश्मनी आखिरकार खूनी अंजाम तक पहुंच गई।
चौक से शुरू हुआ पीछा, रेलवे गेट के पास खत्म हुई नाबालिग कि जिंदगी!
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम विराज अपने दोस्तों के साथ विसापुर के तुकडोजी चौक स्थित एक हेयर सैलून में मौजूद था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर 5 से 6 युवक वहां पहुंचे। आरोपियों के हाथों में धारदार हथियार देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और युवक जान बचाने के लिए भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने विराज का महात्मा फुले चौक से लेकर सुरभि चौक और रेलवे गेट तक पीछा किया। आखिरकार रेलवे गेट के पास उसे घेर लिया गया। वहां आरोपियों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए उसके सिर पर बड़े पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के चलते विराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक और मोपेड से फरार हो गए।
दिनदहाड़े हत्या से कांपा पुरा चंद्रपुर जिला से लेकर विसापुर तक बाजारों में अफरा तफरी और पसरा है डर का माहौल।
शाम के व्यस्त समय में हुई इस निर्मम हत्या के बाद पूरे विसापुर इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों में भय का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए बाजारों में अफरा-तफरी की स्थिति देखी गई। घटना की सूचना मिलते ही बल्लारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में लिया गया।
पुलिस निरीक्षक बिपिन इंगले, सहायक पुलिस निरीक्षक राजेंद्र गायकवाड़ सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का पंचनामा किया, जबकि चंद्रपुर से फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस का बड़ा एक्शन: नागपुर तक चला ऑपरेशन, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
हत्या के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तीन विशेष टीमें और स्थानीय अपराध शाखा की दो टीमें गठित कीं। तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने घुग्घुस, वरोरा होते हुए नागपुर तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में: 1)मोनू उर्फ रौनक सुखपाल निषाद (19)
2)आकाश रामकरण निषाद (21)
3)जीशान शरीफ सिद्दीकी (19)
4)समीर कलीम खान (21)
5)एक नाबालिग आरोपी
शामिल बताए जा रहे हैं।
यह पुरानी रंजिश है या गैंगवार? हर एंगल से पुलिस कि जांच जारी है
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी मुख्य कारण बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस गैंगवार,आपसी वर्चस्व और अन्य आपराधिक कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकाडे ने घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक बिपिन इंगले के नेतृत्व में जारी है।
सवालों के घेरे में कानून व्यवस्था
दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या ने एक बार फिर इलाके की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पहले हुए विवाद पर समय रहते सख्त कार्रवाई होती, तो शायद एक युवक की जान बचाई जा सकती थी। अब लोग क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने की मांग कर रहे हैं।