Home Breaking News लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन ने उत्साहपूर्वक मनाया विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस

लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन ने उत्साहपूर्वक मनाया विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस

45

लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन ने उत्साहपूर्वक मनाया विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस



350 से अधिक महिलाओं और किशोरियों ने लिया स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का लाभ


घुग्घुस।महीलाओ और किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन की ओर से किसान प्रशिक्षण केंद्र (एफटीसी), मुरसा में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेलसणी, म्हातारदेवी, मुरसा, शेणगांव, उसगांव, नकोड़ा, पांढरकवड़ा, धानोरा एवं वढा गांवों की महिलाओं और किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतिवर्ष 28 मई को मनाए जाने वाले इस दिवस का मुख्य उद्देश्य मासिक धर्म को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों, रूढ़ियों, अंधविश्वासों और संकोच को दूर कर महिलाओं एवं किशोरियों में स्वच्छता तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, व्यक्तिगत स्वच्छता, सैनिटरी पैड का सही उपयोग, उपयोग किए गए पैड का सुरक्षित निपटान, संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम तथा महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जिला परिषद चंद्रपुर के सहयोग से उपलब्ध कराई गई मोबाइल कैंसर जांच वैन रही। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समय पर जांच के महत्व को समझाने के उद्देश्य से यह पहल की गई।

इस अवसर पर मोबाइल कैंसर वैन की डॉ. रश्मी येवले और डॉ. रेणू ने महिलाओं को स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) एवं अन्य प्रकार के कैंसर के लक्षणों, बचाव के उपायों तथा नियमित जांच की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उपस्थित महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन की सहायक महाप्रबंधक डॉ. विद्या पाल प्रमुख रूप से उपस्थित थीं। उन्होंने महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण, स्वस्थ जीवनशैली तथा किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण के विषय में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार और समाज के समग्र विकास की आधारशिला है तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है।

इस दौरान डॉ. पायल कोंडेकर और डॉ. स्नेहा बक्षी ने महिलाओं एवं किशोरियों के साथ संवाद स्थापित कर मासिक धर्म से जुड़े मिथकों और गलत धारणाओं को दूर किया। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता, पौष्टिक आहार, एनीमिया की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास बढ़ाने के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। संवादात्मक सत्र में महिलाओं और किशोरियों ने खुलकर अपने प्रश्न और अनुभव साझा किए, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों ने संतोषजनक समाधान किया।

कार्यक्रम में 350 से अधिक महिलाओं एवं किशोरियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण, महिला स्वास्थ्य और कैंसर रोकथाम को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

आयोजकों ने बताया कि लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार विभिन्न सामाजिक उपक्रम संचालित कर रहा है और यह कार्यक्रम उसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में मानसी खोबरागड़े, मोनिका ठाकरे, लता बावने, निशा पिंपलकर, ममता मोरे, प्रिया पिंपलकर, मंजुषा वडास्कर, मनीषा वडास्कर तथा अश्विनी खोबरागड़े ने विशेष योगदान दिया। उपस्थित महिलाओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here