विदर्भस्तरीय युवा शिविर का भव्य आयोजन, राष्ट्र निर्माण और युवा जागृति का खंगूंजा शंखनाद
350 से अधिक युवाओं ने लिया व्यसन मुक्ति और जीवन साधना का संकल्प
8 से 11 जनवरी 2027 को होगा 251 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ
चंद्रपुर, : अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में चंद्रपुर के महेश भवन में आयोजित विदर्भस्तरीय एक दिवसीय युवा शिविर उत्साह, उमंग और राष्ट्र निर्माण के संकल्पों के साथ संपन्न हुआ। “युवा जागे, युग जागे” के मूल मंत्र पर आधारित इस शिविर में विदर्भ के विभिन्न जिलों से आए 350 से अधिक युवाओं एवं 150 से अधिक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुसार देवमंच पर गुरुवंदना एवं दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों का मंत्रोच्चार के बीच मंत्रदुपट्टा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तावना चंद्रपुर युवा प्रकोष्ठ के श्री रत्नाकर हजारे ने प्रस्तुत की। मंच संचालन सौ. शीतल वासलवार, सौ. वर्षा बेस, नागपुर के युवा प्रतिनिधि श्री आशीष श्रीवास्तव एवं स्थानीय युवा टोली द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
युवाओं को मिला राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शन
शिविर के प्रथम एवं तृतीय सत्र में शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधि श्री आशीष सिंह ने राष्ट्र निर्माण, युवा जागृति, व्यक्तित्व विकास एवं जीवन साधना विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं का चरित्र ही राष्ट्र की वास्तविक पूंजी है। आत्म-साधना, अनुशासन और उत्कृष्ट व्यक्तित्व के माध्यम से ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है।
द्वितीय सत्र में प्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉ. वरुण माणिक ने व्यसन मुक्ति विषय पर युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा और कुरीतियां युवा शक्ति को कमजोर करती हैं। उन्होंने युवाओं से व्यसनमुक्त, अनुशासित और संस्कारवान जीवन अपनाने का आह्वान किया।
प्रमुख अतिथियों ने युवाओं को किया प्रेरित
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख अतिथियों ने युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष श्री रोडमल गहलोद ने कहा कि युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों को समझना होगा। संस्कारित और अनुशासित युवा ही धर्म और राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पार्षद श्री राहुल पावड़े ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की शुरुआत स्वयं के निर्माण से होती है। गायत्री परिवार द्वारा युवाओं को व्यसनमुक्ति और रचनात्मक कार्यों से जोड़ना समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है।
महानगर पालिका चंद्रपुर के सभापति एवं पार्षद श्री राम यादव ने कहा कि समाज और नगर का वास्तविक विकास तभी संभव है जब युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में लगाएं। यह शिविर युवाओं को सही दिशा देने का प्रभावी माध्यम बना है।
251 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ की भव्य घोषणा
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण आगामी “251 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ” की घोषणा रही। शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे प्रतिनिधि श्री आशीष सिंह, डॉ. वरुण माणिक एवं विदर्भ जोन समन्वयक श्री सुभाष शर्मा ने शक्तिकलश एवं मशाल का विधिवत पूजन किया।
इस अवसर पर आदरणीय सुधीर भाऊ मुनगंटीवार एवं सौ. सपना ताई मुनगंटीवार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आगामी 8 से 11 जनवरी 2027 के दौरान आयोजित होने वाले 251 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ की आधिकारिक उद्घोषणा की गई। घोषणा होते ही पूरा सभागार जयघोष और उत्साह से गूंज उठा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी युवाओं ने राष्ट्र सेवा, आत्म-परिष्कार और समाज निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। जिला समन्वयक श्री वासुदेव राठौर ने आभार व्यक्त किया। आयोजन की सफलता में डॉ. शैलेन्द्र कुमार शुक्ल (महाराष्ट्र एवं गोवा समन्वयक) सहित गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
राष्ट्र निर्माण, युवा जागरण और सांस्कृतिक चेतना के संदेश के साथ यह विदर्भस्तरीय युवा शिविर नई ऊर्जा और सकारात्मक संकल्पों के साथ संपन्न हुआ। :::










