Home Breaking News चौबीस घंटे बाद वर्धा नदी में मिला वैभव पचारे का शव

चौबीस घंटे बाद वर्धा नदी में मिला वैभव पचारे का शव

314

चौबीस घंटे बाद वर्धा नदी में मिला वैभव पचारे का शव



बेलोरा पुल से लगाई थी छलांग, घुग्घुस पुलिस और रेस्क्यू टीम का अभियान सफल


घुग्घुस, प्रतिनिधि : घुग्घुस क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई थी जब एक युवक ने वर्धा नदी के बेलोरा पुल से छलांग लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी। घटना के करीब चौबीस घंटे बाद युवक का शव नदी में पानी के ऊपर तैरता हुआ बरामद किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घुग्घुस के अमराई वार्ड निवासी वैभव भास्कर पचारे (29 वर्ष) बुधवार सुबह लगभग 10:30 बजे अपनी होंडा डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MH-34-BL-1670 से बेलोरा पुल पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक कुछ समय तक पुल पर खड़ा रहा और फिर अचानक वर्धा नदी में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही घुग्घुस पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और चंद्रपुर से विशेष रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। पुलिस एवं रेस्क्यू दल ने युद्धस्तर पर नदी में युवक की तलाश शुरू की, लेकिन बुधवार को उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

लगातार चलाए गए खोज अभियान के बाद गुरुवार सुबह लगभग 10:30 बजे युवक का शव नदी के पानी के ऊपर तैरता हुआ दिखाई दिया। घुग्घुस पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए शव को नदी से बाहर निकाला।

इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला शासकीय अस्पताल, चंद्रपुर भेज दिया। फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों एवं परिचितों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही इसी वर्धा नदी क्षेत्र में डूबे पांच नाबालिगों के शव बरामद किए गए थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से घुग्घुस एवं आसपास के क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है।

घुग्घुस पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है। मामले की आगे की जांच घुग्घुस पुलिस द्वारा की जा रही है। :::

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here