
महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन
जंगल में छिपाया गया हथियार निर्माण का जखीरा बरामद, मौके पर ही किया गया नष्ट
गढ़चिरोली। गढ़चिरोली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे बालबेड़ा के घने जंगल में बड़ी कार्रवाई करते हुए माओवादियों द्वारा जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया हथियार निर्माण का भारी मात्रा में सामान बरामद किया। सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए पूरे जखीरे को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई को माओवादियों के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देशन में स्पेशल ऑपरेशन स्क्वॉड (SOS), प्राणहिता यूनिट, बम निरोधक एवं निस्तारण दस्ता (BDDS) तथा CRPF की संयुक्त टीम ने बालबेड़ा जंगल क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। 27 जून को अभियान के दौरान जमीन में गहराई से छिपाकर रखा गया हथियार निर्माण का भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में लगभग 5 से 6 टन वजनी लेथ मशीन, 150 क्लेमोर एवं बीजीएल पाइप, 220 बारह बोर पाइप, 20 राइफल रॉड मेटल स्ट्रिप्स तथा हथियार निर्माण में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री शामिल थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सुरक्षा बलों ने पूरे जखीरे को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, माओवादी दुर्गम जंगलों का फायदा उठाकर हथियार बनाने की सामग्री छिपाकर रखते थे और आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग सुरक्षा बलों पर हमले की साजिश में करते थे। विशेष रूप से नक्सल सप्ताह, चुनावी अवधि और अन्य संवेदनशील अवसरों पर इन सामग्रियों के इस्तेमाल की आशंका रहती थी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 23 मई और 27 मई को भी इसी प्रकार के अभियान में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के ठिकानों पर कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में विस्फोटक एवं हथियार निर्माण सामग्री बरामद कर नष्ट की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है।










