Home Breaking News कोरपना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कोरपना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

131

कोरपना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई



₹3.18 लाख का सुगंधित तंबाकू और इको वाहन जब्त


नितेश केराम 

कोरपना, प्रतिनिधि।
चंद्रपुर जिले के कोरपना पुलिस ने अवैध सुगंधित तंबाकू के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹3 लाख 18 हजार मूल्य का सुगंधित हुक्का शीशा (तंबाकू) तथा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक इको कार जब्त की है। यह कार्रवाई कन्हाळगांव फाटा पर नाकाबंदी के दौरान की गई।

पुलिस निरीक्षक लता वाडीवे ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी के निर्देशानुसार शुक्रवार रात 9 बजे से मध्यरात्रि तक कोरपना थाना क्षेत्र में गश्त, संदिग्ध वाहनों की जांच तथा रिकॉर्ड पर दर्ज आरोपियों की निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एमएच-34 सीडी-9190 नंबर की इको कार में अवैध रूप से सुगंधित तंबाकू की खेप ले जाई जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कन्हाळगांव फाटा पर घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सुगंधित हुक्का शीशा (तंबाकू) बरामद हुआ। पुलिस ने तंबाकू और वाहन सहित कुल ₹3.18 लाख का मुद्देमाल जब्त कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ कोरपना पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध सुगंधित तंबाकू की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगेगा। साथ ही ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी रवींद्र जाधव के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक लता वाडीवे के नेतृत्व में की गई। अभियान में पुलिस उपनिरीक्षक सटवा नामपल्ले, पुलिस हवलदार विशाल मोरे, पुलिस हवलदार लक्ष्मण एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here