घुग्घुस :
वेकोलि वणी क्षेत्र के अंतर्गत घुग्घुस स्थित आवासीय क्षेत्र में मिशन सेहत योजना के तहत एक आधुनिक और सुविधायुक्त उद्यान विकसित किए जाने की मांग को लेकर प्रादेशिक महाप्रबंधक, वेकोलि वणी क्षेत्र उर्जाग्राम ताडाली को पत्र सौंपा गया है।
घुग्घुस के वन क्षेत्र में स्थित वीआईपी गेस्ट हाउस में हाल ही में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री एवं वर्तमान राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष हंसराज भैय्या अहिर, तथा चंद्रपुर विधानसभा के विधायक किशोर जोरगेवार की विशेष उपस्थिति में वेकोलि के प्रादेशिक महाप्रबंधक के साथ चर्चा हुई।
बैठक में मिशन सेहत के अंतर्गत घुग्घुस आवासीय परिसर में स्थित पुराने ऑफिसर्स क्लब को ध्वस्त किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। क्लब हटाए जाने के बाद लगभग ढाई से तीन एकड़ भूमि खाली पड़ी हुई है। इस भूमि पर सुंदर, सुरक्षित और जनोपयोगी उद्यान विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया।
प्रस्ताव के अनुसार,
पूरे परिसर में कंपाउंड वॉल का निर्माण,
नागरिकों के लिए वॉकिंग ट्रैक,युवाओं व बुजुर्गों के लिए व्यायाम उपकरण,तथा बच्चों के लिए खेल सामग्री स्थापित करने पर चर्चा की गई।
इस प्रस्ताव पर वेकोलि प्रबंधन ने सहमति भी जताई।
यह उद्यान इंदिरा नगर, राजीव नगर और वेकोलि कॉलोनियों में रहने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए अत्यंत आवश्यक बताया गया है, जिससे स्वास्थ्य, फिटनेस और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
पत्र के माध्यम से वेकोलि प्रबंधन से कार्य शीघ्र शुरू कर जल्द से जल्द पूर्ण करने की मांग की गई है। पत्र की प्रतिलिपि माननीय हंसराज भैय्या अहिर, विधायक किशोर जोरगेवार एवं घुग्घुस उपक्षेत्र के उपप्रादेशिक प्रबंधक को भी भेजी गई है।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि मिशन सेहत के तहत घुग्घुस को जल्द ही एक नया, आधुनिक और हरित उद्यान मिलेगा।