घुग्घुस में ‘खौफ’ का बाजार! बीमार आवारा कुत्तों का आतंक,
हर पल हमले का डर — नागरिकों में दहशत
घुग्घुस | घुग्घुस शहर की साप्ताहिक बाजारपेठ इन दिनों डर और दहशत का केंद्र बन गई है। बाजार क्षेत्र में बीमार और एलर्जीग्रस्त आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि व्यापारी, ग्राहक, बच्चे और बुजुर्ग सभी खौफ के साये में बाजार आने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूम रहे हैं, जो कभी भी किसी पर हमला कर सकते हैं। इस वजह से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है।
शरीर पर घाव और बीमारी… बढ़ा संक्रमण का खतरा
नागरिकों का कहना है कि कई कुत्तों के शरीर पर गंभीर त्वचा रोग,एलर्जी के निशानऔर खुले जख्म दिखाई दे रहे हैं। ऐसी हालत में संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोग बेहद चिंतित हैं।
बाजार में घूम रहे कुत्तों के झुंड, कभी भी हो सकती है बड़ी घटना प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाजार क्षेत्र में कुत्तों के कई झुंड लगातार घूमते रहते हैं, जिससे कभी भी किसी पर हमला या बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
नगर परिषद पर गंभीर लापरवाही का आरोप
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि शहर की मुख्य बाजारपेठ में ही ऐसी गंभीर स्थिति होने के बावजूद नगर परिषद प्रशासन अब तक मूकदर्शक बना हुआ है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
नागरिकों की चेतावनी — तुरंत कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि आवारा और बीमार कुत्तों को तुरंत पकड़ा जाए उन्हें पशु चिकित्सालय में इलाज के लिए भेजा जाए। बाजार क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए नागरिकों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई और कोई बड़ी घटना हो गई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की होगी।
अब बड़ा सवाल — क्या प्रशासन जागेगा या किसी हादसे का इंतजार करेगा?