मुंबई इंडियंस vs पंजाब किंग्स मैच में ऑनलाइन बेटिंग का भंडाफोड़
गडचांदुर/ चंद्रपुर– आईपीएल मैचों पर अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थानीय अपराध शाखा ने गडचांदुर क्षेत्र में छापा मारकर एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार, 16 अप्रैल 2026 को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, Mumbai Indians और Punjab Kings के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर गडचांदुर में सट्टा लगाए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापा मारा।
छापेमारी के दौरान आरोपी जुबेर रसूल सय्यद (उम्र 22 वर्ष, निवासी धुमने लेआउट, गडचांदुर, जिला चंद्रपुर) को माशा अल्लाह बिरयानी सेंटर के सामने मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए पकड़ा गया। वह www.nice7777.fun� नामक बेटिंग आईडी के माध्यम से मैच पर दांव लगा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 20,000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसका उपयोग सट्टेबाजी के लिए किया जा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को बेटिंग आईडी उपलब्ध कराने वाला दूसरा व्यक्ति रोहित काकड़े (निवासी गडचांदुर) है। उसके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
इस संबंध में गडचांदुर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 261/2026 के तहत महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंध अधिनियम की धारा 12 (A) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 49 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह पूरी कार्रवाई राजुरा-गडचांदुर उपविभाग और स्थानीय अपराध शाखा, चंद्रपुर की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे आईपीएल या अन्य किसी भी खेल पर अवैध सट्टेबाजी से दूर रहें।
ऑनलाइन बेटिंग न केवल गैरकानूनी है, बल्कि इससे आर्थिक नुकसान और कानूनी कार्रवाई का खतरा भी बना रहता है।