नन्हे हाथों का बड़ा संदेश: साइकिल दान से शिक्षा को नई दिशा
वणी (जिला यवतमाल) – वणी के गणेशपुर क्षेत्र में बच्चों ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए समाज के सामने मिसाल पेश की है। छोरिया रेसिडेंसी स्थित गणपति रेसिडेंसी विंग ‘बी’ के विद्यार्थियों ने अपनी इस्तेमाल की हुई, लेकिन दुरुस्त होने योग्य साइकिलें स्माइल फाउंडेशन को दान की हैं। इस पहल से कई जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा का रास्ता आसान होने वाला है।
पुरानी साइकिलें बनेंगी नए सपनों का सहारा
इन साइकिलों को मरम्मत के बाद गरीब, अनाथ और किसान आत्महत्या प्रभावित परिवारों के बच्चों को वितरित किया जाएगा।
इस पहल के पीछे प्रा. प्रवीण फटाले का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में साइकिलों का संग्रहण कर फाउंडेशन तक पहुंचाया गया।
वहीं, साइकिलों की मरम्मत के लिए लगने वाले खर्च का आधा हिस्सा संस्था की सदस्य डॉ. विश्वास सुंदरानी द्वारा वहन किया जा रहा है।
जरूरतमंद छात्रों के लिए खुला निमंत्रण
स्माइल फाउंडेशन के अध्यक्ष सागर देविदास जाधव ने जरूरतमंद छात्रों से अपील की है कि यदि उन्हें शिक्षा के लिए साइकिल की आवश्यकता है, तो वे संस्था से संपर्क करें।
साथ ही, शहर के नागरिकों से भी अनुरोध किया गया है कि उनके पास यदि उपयोग योग्य पुरानी साइकिलें हों, तो वे दान करें।
फाउंडेशन उठाएगा पूरा खर्च
फाउंडेशन द्वारा साइकिलों की मरम्मत का पूरा खर्च उठाया जाएगा और घर-घर से साइकिल संग्रह करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
समाज को दिया प्रेरणा का संदेश
इस पहल के जरिए बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि दान केवल पैसों से नहीं, बल्कि उपयोगी वस्तुएं देकर भी किया जा सकता है।
नन्हे हाथों की यह पहल न केवल जरूरतमंद बच्चों के लिए मददगार साबित होगी, बल्कि समाज में मानवता और सहयोग का संदेशभी फैलाएगी।