यातायात व्यवस्था मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं – विधायक किशोर जोरगेवार
पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी से मुलाकात कर दिए महत्वपूर्ण सुझाव
चंद्रपुर :
शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या, अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले युवाओं के कारण उत्पन्न हो रही खतरनाक परिस्थितियों को लेकर किशोर जोरगेवार ने पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी से मुलाकात कर यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इस दौरान विधायक किशोर जोरगेवार ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में तत्काल सुधार करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए 100 अतिरिक्त होमगार्ड नियुक्त करने की मांग की। साथ ही जिन प्रमुख चौक-चौराहों पर आवश्यकता है, वहां ट्रैफिक सिग्नल लगाने के निर्देश भी प्रशासन को दिए।
विधायक ने कहा कि रात के समय होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए ट्रांसपोर्ट वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाना अनिवार्य किया जाए। इसके अलावा यातायात व्यवस्था की नियमित समीक्षा के लिए “दिशा समिति” की नियमित बैठकें आयोजित करने तथा ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के साथ अलग बैठक लेकर उनकी समस्याओं और जिम्मेदारियों पर चर्चा करने का सुझाव भी दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर अल्कोहल जांच मशीनें लगाई जाएं तथा ट्रांसपोर्ट कंपनियों के वाहन चालकों की ड्यूटी पर आते और जाते समय नियमित अल्कोहल जांच की जाए।
विधायक जोरगेवार ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करने, सड़कों पर उचित दिशासूचक बोर्ड और सेफ्टी मार्किंग लगाने के निर्देश भी प्रशासन को दिए।
उन्होंने निजी बसों की अव्यवस्थित पार्किंग और अनावश्यक स्टॉपेज को लेकर भी चिंता व्यक्त की। विधायक ने सुझाव दिया कि नागपुर रोड और मूल रोड पर निजी बसों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाए तथा अनावश्यक बस स्टॉप कम किए जाएं, जिससे शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम हो सके।
इसके अलावा तेज रफ्तार से दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करने, बार-बार नियम तोड़ने वालों पर सख्त कदम उठाने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
विधायक किशोर जोरगेवार ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए यातायात व्यवस्था में अनुशासन और नियंत्रण बेहद जरूरी है तथा प्रशासन को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
इस दौरान यातायात शाखा के पुलिस निरीक्षक प्रवीण कुमार पाटिल, भाजपा पदाधिकारी बलराम डोडाणी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।