Home Breaking News चंद्रपुर जिले के रेल विकास को नई दिशा

चंद्रपुर जिले के रेल विकास को नई दिशा

18

चंद्रपुर जिले के रेल विकास को नई दिशा



विधायक सुधीर मुनगंटीवार की दिल्ली में रेल मंत्री से सफल बैठक, “ताडोबा एक्सप्रेस” को मिली हरी झंडी


चंद्रपुर : राज्य के पूर्व वन एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री तथा विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर चंद्रपुर जिले के रेल विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में बल्लारशाह से मुंबई के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इस प्रस्तावित ट्रेन को “ताडोबा एक्सप्रेस” नाम देने का सुझाव भी विधायक मुनगंटीवार ने रखा।

उन्होंने कहा कि ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व की अंतरराष्ट्रीय पहचान को देखते हुए इस नाम से पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। रेल मंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रारंभिक रूप से सप्ताह में एक दिन ट्रेन शुरू करने के संकेत दिए तथा भविष्य में इसकी फेरे बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शर्मा, ZRUCC मध्य रेलवे मुंबई के सदस्य अजय दुबे तथा रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

चंद्रपुर–पुणे रेल सेवा और अन्य ट्रेनों पर भी चर्चा

बैठक के दौरान विधायक मुनगंटीवार ने चंद्रपुर–पुणे साप्ताहिक रेल सेवा को सप्ताह में तीन दिन चलाने की मांग की। इसके अलावा चेन्नई–छपरा गंगा-कावेरी एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने तथा बल्लारशाह–लोकमान्य तिलक टर्मिनस रेल सेवा को सीएसएमटी तक बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया गया। रेल मंत्री ने इन सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

साथ ही चांदा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव, अनियमित ट्रेनों के समय पालन तथा बल्लारपुर और चंद्रपुर क्षेत्र के लंबित रेल विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

नांदुरा स्टेशन पर सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव की मांग

विधायक मुनगंटीवार ने कहा कि महाकाली मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसलिए नांदुरा स्टेशन पर सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव आवश्यक है। उन्होंने हिसार सुपरफास्ट एक्सप्रेस, ओखा–दरभंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जोधपुर–बेंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस और पुणे–काशी एक्सप्रेस के स्टॉपेज की मांग रेल मंत्री के समक्ष रखी।

रेल अतिक्रमणधारकों को मिलेगा मुआवजा

रेलवे लाइन किनारे चल रही अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई पर भी विधायक मुनगंटीवार ने कड़ा पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि प्रभावित नागरिकों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए तथा उचित पुनर्वसन के बिना कार्रवाई न की जाए। इस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पुनर्वसन और मुआवजा देने को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया।

मारोडा रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा आरओबी

मारोडा रेलवे क्रॉसिंग की समस्या को लेकर विधायक मुनगंटीवार ने अंडरब्रिज के बजाय रोड ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण की मांग की। रेल मंत्री ने बताया कि रेलवे विभाग ने नया डिजाइन तैयार कर लिया है, जिसमें बारिश के दौरान जलभराव रोकने के विशेष प्रबंध किए गए हैं। जल्द ही इस परियोजना पर काम शुरू होने की संभावना है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों को मिलेगी गति

विधायक मुनगंटीवार ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बल्लारशाह और चंद्रपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। इस पर रेल मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

बैठक में उठाई गई प्रमुख मांगें

बल्लारशाह–मुंबई “ताडोबा एक्सप्रेस” शुरू करना

चंद्रपुर–पुणे रेल सेवा सप्ताह में तीन दिन चलाना

नांदुरा स्टेशन पर सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव

गंगा-कावेरी एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाना

बल्लारपुर–अयोध्या नई रेल सेवा शुरू करना

महत्वपूर्ण निर्णय

“ताडोबा एक्सप्रेस” को सैद्धांतिक मंजूरी

रेल अतिक्रमणधारकों के पुनर्वसन और मुआवजे पर सकारात्मक रुख

मारोडा रेलवे क्रॉसिंग के लिए नए आरओबी डिजाइन को मंजूरी

अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि चंद्रपुर, बल्लारशाह और चांदा फोर्ट क्षेत्र में आधुनिक रेल सुविधाओं का विस्तार, पर्यटन विकास और नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here