Home Breaking News चंद्रपुर की सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई ताकत

चंद्रपुर की सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई ताकत

71
  • चंद्रपुर की सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई ताकत

आ. सुधीर मुनगंटीवार के प्रयासों से नए पुलिस अधीक्षक कार्यालय को मिलने जा रही मंजूरी

गृह राज्यमंत्री पंकज भोयर के साथ सकारात्मक चर्चा

जून के पहले सप्ताह में मंत्रालय में होगी निर्णायक बैठक

पुलिस विभाग की सुविधाओं को लेकर आ. मुनगंटीवार लगातार सक्रिय; नए पुलिस स्टेशन, आवास और डीजी लोन के बाद अब एक और बड़ा कदम

चंद्रपुर:

चंद्रपुर जिले की कानून व्यवस्था को अधिक मजबूत, आधुनिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में पूर्व वन एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री तथा विधायक सुधीर मुनगंटीवार के लगातार प्रयासों को बड़ी सफलता मिलने की संभावना दिखाई दे रही है। जिले में नए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्माण को लेकर आ. मुनगंटीवार ने गृह राज्यमंत्री पंकज भोयर के साथ विस्तृत चर्चा की है।

इस विषय पर जून के पहले सप्ताह में मुंबई मंत्रालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें चंद्रपुर के नए पुलिस अधीक्षक कार्यालय को मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
बढ़ती आबादी और औद्योगिक विस्तार के बीच नई जरूरत
चंद्रपुर जिले में तेजी से बढ़ती आबादी, औद्योगिक विस्तार, शहरीकरण और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए लंबे समय से आधुनिक और सुसज्ज पुलिस अधीक्षक कार्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय केवल प्रशासनिक भवन नहीं होता, बल्कि पूरे जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिस समन्वय और सुरक्षा प्रबंधन का मुख्य केंद्र होता है। ऐसे में नए कार्यालय के निर्माण से पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी, तेज और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
पुलिस विभाग को मजबूत करने में आ. मुनगंटीवार की अहम भूमिका
पुलिस विभाग के सशक्तिकरण को लेकर आ. सुधीर मुनगंटीवार की भूमिका पहले से ही महत्वपूर्ण मानी जाती रही है। पालकमंत्री रहते हुए उन्होंने भद्रावती, दुर्गापुर और बल्लारपुर सहित जिले में कई नए पुलिस स्टेशनों को मंजूरी दिलाने में अहम योगदान दिया था।
इसके अलावा उन्होंने पुलिस कर्मियों के लिए मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया। चंद्रपुर में पुलिस क्वार्टर निर्माण के लिए निधि मंजूर कराने तथा मुल में नए पुलिस स्टेशन भवन के निर्माण को गति देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीजी लोन योजना को भी मिली थी बड़ी मंजूरी
हाल ही में राज्य के 5 हजार 459 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास सपने को बड़ी राहत मिली, जब लंबे समय से लंबित डीजी लोन योजना के लिए सरकार ने 1768.08 करोड़ रुपये के निधि को मंजूरी दी। इस मुद्दे को लेकर भी आ. सुधीर मुनगंटीवार ने विधानसभा में लगातार आवाज उठाई थी।
उनके प्रयासों से राज्यभर के हजारों पुलिस परिवारों को राहत मिली है और पुलिस कल्याण को लेकर उनकी संवेदनशील भूमिका की व्यापक सराहना हो रही है।
चंद्रपुर की सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
अब नए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के प्रस्ताव को गति मिलने से माना जा रहा है कि चंद्रपुर जिले की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम साबित होगा।
यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया पुलिस अधीक्षक कार्यालय जिले की कानून व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here