WCL अध्यक्ष डॉ. हेमंत पांडे का वणी क्षेत्र दौरा, कोयला उत्पादन और परियोजनाओं की समीक्षा
वणी/चंद्रपुर : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने 20 मई 2026 को वणी क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं एवं खदानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घुग्घुस रेलवे साइडिंग, मुंगोली ओवरब्रिज, मुंगोली रेलवे साइडिंग, मुंगोली खदान तथा निर्माणाधीन एफएमसी प्रोजेक्ट (रेल एंड साइलो) की प्रगति का जायजा लिया।
घुग्घुस की नवीन एवं पुरानी रेलवे साइडिंग तथा मुंगोली रेलवे साइडिंग के निरीक्षण के दौरान डॉ. पांडे ने संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर कोयला डिस्पैच को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन व्यवस्था में तेजी लाने और कार्यों में समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने मुंगोली खदान पहुंचकर खदान के परिचालन और उत्पादन कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान वणी क्षेत्र एवं मुंगोली खदान के अधिकारी तथा HOE कॉन्ट्रैक्टर उपस्थित रहे। डॉ. पांडे ने अधिकारियों को कोयला उत्पादन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए तथा कोयला फेस का निरीक्षण कर सुरक्षित तरीके से कार्य करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान व्यू पॉइंट पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले ठेकेदारी एवं विभागीय कर्मचारियों को अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के हाथों सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया, जिससे कर्मचारियों का उत्साहवर्धन हुआ।
डॉ. पांडे ने मुंगोली खदान के निकट स्थित सिवनी गांव के पास खदान के एम्बैंकमेंट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सिवनी गांव जाने वाले मार्ग पर कलवर्ट निर्माण एवं सड़क के डांबरीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण कर मार्ग को तत्काल शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
वर्धा नदी पर निर्माणाधीन मुंगोली ओवरब्रिज की समीक्षा करते हुए उन्होंने सिविल कॉन्ट्रैक्टर के प्रतिनिधियों से चर्चा की तथा कार्य को 5 जून 2026 तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने मुंगोली खदान में निर्माणाधीन एफएमसी प्रोजेक्ट (रेल एंड साइलो) का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थित ठेकेदार संस्था Hemtech Technology India Private Limited एवं RITES Limited के प्रतिनिधियों को परियोजना का कार्य 20 जून 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
दौरे के पूर्व डॉ. पांडे ने तड़ाली स्थित सेंट्रल वर्कशॉप में नव-निर्मित 12वें क्रेच का उद्घाटन भी किया। WCL में पिछले एक वर्ष के दौरान 11 क्रेच पहले ही शुरू किए जा चुके हैं। इस नई सुविधा से कार्यरत महिला कर्मचारियों के बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर देखभाल उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर WCL मुख्यालय से आए वरिष्ठ अधिकारी, वणी क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं अन्य संबंधित हितधारक उपस्थित रहे।