अमृत जल योजना के घटिया कार्यों के विरोध में महाविकास युवक आघाड़ी का ‘घागर फोड़ो’ मोर्चा
चंद्रपुर: () शहर में चल रही अमृत 2.0 जल योजना के कथित निकृष्ट और नियमविरुद्ध कार्यों के विरोध में महाविकास युवक आघाड़ी ने रविवार को चंद्रपुर महानगरपालिका के खिलाफ जोरदार ‘घागर फोड़ो’ मोर्चा निकाला। युवासेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले छह महीनों से योजना में हो रही अनियमितताओं और घटिया निर्माण कार्यों को लेकर संबंधित विभागों, उपमुख्यमंत्री, महाराष्ट्र जल प्राधिकरण तथा अन्य अधिकारियों को कई बार निवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
युवासेना के जिल्हाप्रमुख विक्रांत विजय सहारे के नेतृत्व में निकाले गए इस मोर्चे में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अमृत योजना के कार्यों में भारी लापरवाही बरती जा रही है, जिससे नागरिकों को स्वच्छ और नियमित जलापूर्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मोर्चा शिवाजी चौक से शुरू होकर चंद्रपुर महानगरपालिका कार्यालय पहुंचा। इस दौरान महिलाओं ने हाथों में घड़े लेकर पानी की समस्या को लेकर मनपा प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। महानगरपालिका पहुंचने पर युवासेना जिल्हाप्रमुख विक्रांत सहारे तथा राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के कार्याध्यक्ष संजय ठाकूर ने मनपा के उपायुक्त को प्रतीकात्मक रूप से घड़ा भेंट कर अपना विरोध दर्ज कराया।
महाविकास युवक आघाड़ी ने मांग की कि अमृत योजना के निकृष्ट कार्यों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। साथ ही संबंधित ठेकेदार लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन को काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालने, कार्य में लापरवाही बरतने वाले मनपा अभियंताओं और महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई करने तथा अमृत जल योजना का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कर नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की गई।
आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि महानगरपालिका आयुक्त द्वारा स्थल निरीक्षण और पंचनामा किए जाने के बावजूद कार्यों की गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ है। इससे प्रशासन और ठेकेदार के बीच जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस मोर्चे में युवासेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस तथा अन्य सहयोगी संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और उग्र आंदोलन किया जाएगा।