विश्व पर्यावरण दिवस पर डब्ल्यूसीएल मुख्यालय में हुआ वृक्षारोपण
पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी कर्मचारी “एक पेड़ मां के नाम” अवश्य लगाएं : डॉ. हेमंत शरद पांडे
नागपुर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) मुख्यालय में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. हेमंत शरद पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) बिक्रम घोष, निदेशक तकनीकी (संचालन) आनंदजी प्रसाद तथा निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) संदीप परांजपे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे द्वारा पर्यावरण ध्वज फहराकर की गई। इसके पश्चात वंदे मातरम् तथा कोल इंडिया का कॉर्पोरेट गीत प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर डॉ. पांडे ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में उन्होंने डब्ल्यूसीएल द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी देते हुए सभी कर्मचारियों से पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक प्रयासों के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों को प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष बी. साईराम का संदेश महाप्रबंधक (पर्यावरण) जॉन वर्की द्वारा पढ़कर सुनाया गया। साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को जूट के थैले भी वितरित किए गए। इस अवसर पर डब्ल्यूसीएल के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
डब्ल्यूसीएल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा सतत भविष्य के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।