Home Breaking News यवतमाल जिले के चिखली-टाकळी में आकाशीय बिजली का कहर,

यवतमाल जिले के चिखली-टाकळी में आकाशीय बिजली का कहर,

277

यवतमाल जिले के चिखली-टाकळी में आकाशीय बिजली का कहर,



चरवाहे समेत 12 बकरियां और पालतू कुत्ते की मौत


डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान, परिजनों ने मुआवजे की मांग की


वणी/यवतमाल : यवतमाल जिले की वणी तहसील अंतर्गत चिखली-टाकळी गांव में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे आकाशीय बिजली गिरने से एक चरवाहे, 12 बकरियों और एक पालतू कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चिखली-टाकळी निवासी विलास मानकू तुकाराम (55 वर्ष) अपनी बकरियों को चराने के लिए जंगल क्षेत्र में गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए विलास तुकाराम एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज बारिश के बीच अचानक बादलों की जोरदार गर्जना हुई और आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से चरवाहे विलास मानकू तुकाराम, उनकी 12 बकरियां तथा एक पालतू कुत्ते की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि इस हादसे में लगभग डेढ़ लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही शिरपुर पुलिस तथा वणी तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक परिवार का मुख्य सहारा था, इसलिए शासन द्वारा तत्काल राहत राशि प्रदान की जानी चाहिए।

इस हृदयविदारक घटना से चिखली-टाकळी सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here