सावली में नकली तंबाकू के अवैध कारखाने पर पुलिस का बड़ा छापा
11.31 लाख रुपये का माल जब्त, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सावली (चंद्रपुर) : जिले में अवैध तंबाकू कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी), सावली पुलिस तथा खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने नकली और प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू बनाने वाले एक अवैध कारखाने का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान 11 लाख 31 हजार 400 रुपये मूल्य का तंबाकू, मशीनरी, पैकिंग सामग्री तथा एक वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सावली तालुका के रायतवारी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू का भंडारण कर नकली तंबाकू तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने 11 जून को छापा मारकर पूरे अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया।
कार्रवाई के दौरान विजय भीमाजी भंडेकर (33), निवासी समदा भू., तहसील सावली को हिरासत में लिया गया। मौके से विभिन्न ब्रांडों के तंबाकू उत्पाद, खुला सुगंधित तंबाकू, पैकिंग सामग्री, उत्पादन मशीनें तथा वाहन क्रमांक MH-34-CJ-9625 बरामद किया गया।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तंबाकू निर्माण के लिए कच्चा माल गडचिरोली से मंगवाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि नकली तंबाकू का निर्माण कर उसे विभिन्न क्षेत्रों में बेचा जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहन जांच जारी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकाडे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी सत्यजीत अमले के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व एलसीबी के पुलिस निरीक्षक अमोल कचोरे और सावली पुलिस निरीक्षक प्रदीप पुलरवार ने किया।