साइबर ठगों ने बुजुर्ग की जीवनभर की कमाई उड़ाई, खाते से 3.59 लाख रुपये गायब
बल्लारपुर पुलिस में मामला दर्ज, जांच शुरू
बल्लारपुर:()साइबर अपराधियों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को निशाना बनाने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर ठगों ने 62 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते से कुछ ही मिनटों में ₹3,59,898.39 की रकम निकाल ली। मामले की शिकायत मिलने के बाद बल्लारपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बल्लारपुर के गणपति वार्ड निवासी मधुकर पंढरी राखुंडे (62) मजदूरी और बढ़ईगिरी का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की बल्लारपुर शाखा में है, जिसमें उन्होंने वर्षों की मेहनत की कमाई जमा कर रखी थी।
बताया गया कि 24 मई को अपनी बेटी के साथ पुणे जाते समय उनके मोबाइल पर कुछ संदिग्ध संदेश आने लगे। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उनकी बेटी ने तत्काल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क किया और खाते को अस्थायी रूप से फ्रीज करवा दिया। बाद में 1 जून को खाते को फिर से सक्रिय कर दिया गया।
लेकिन 3 जून को मोबाइल पर प्राप्त संदेशों की जांच करने पर पता चला कि खाते से कई संदिग्ध लेन-देन किए गए हैं। साइबर अपराधियों ने पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से ₹62,900, ₹99,000, ₹99,000, ₹48,999.38 और ₹49,999.01 की राशि निकाल ली। कुल मिलाकर खाते से ₹3.59 लाख से अधिक की रकम पार कर दी गई।
सबसे हैरानी की बात यह है कि शिकायतकर्ता के पास न तो एटीएम कार्ड है और न ही वह गूगल पे, फोनपे या किसी अन्य डिजिटल भुगतान सेवा का उपयोग करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपना ओटीपी, पिन नंबर या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की थी। ऐसे में साइबर अपराधियों ने किस तकनीक का इस्तेमाल कर खाते से रकम निकाली, यह जांच का विषय बना हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बल्लारपुर पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई।
इस घटना से इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक से सावधान रहें।
पुलिस निरीक्षक बिपिन इंगले के मार्गदर्शन में मामले की विस्तृत जांच जारी है।