Home Breaking News जेसीबी और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर घायल

जेसीबी और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर घायल

308

जेसीबी और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर घायल



 इलाज के दौरान युवक का पैर काटने की चर्चा, मामला दर्ज न होने से उठ रहे सवाल


घुग्घुस, प्रतिनिधि : घुग्घुस-नकोड़ा मार्ग पर सोमवार शाम हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि दुर्घटना को अंजाम देकर भागने का प्रयास कर रहे जेसीबी चालक को स्थानीय नागरिकों ने पीछा कर पकड़ लिया। घटना के बाद भी अब तक मामला दर्ज न होने से नागरिकों में रोष व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घुग्घुस निवासी शरद काले (25 वर्ष) अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर (एमएच-34 सीटी-9386) से नकोड़ा मार्ग होते हुए घुग्घुस की ओर आ रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे सामने से आ रही जेसीबी मशीन (एमएच-34 बीवी-4067) से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शरद काले गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद जेसीबी चालक मनोज कुमार मौके से फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही घुग्घुस पुलिस मौके पर पहुंची तथा जेसीबी मशीन और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचाया।

घायल शरद काले को पहले प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल चंद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वर्तमान में उनका उपचार डॉ. सालफळे के निजी अस्पताल, चंद्रपुर में जारी है। विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान युवक का पैर काटकर ऑपरेशन किए जाने की चर्चा सामने आ रही है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

दुर्घटना को लेकर क्षेत्र में एक और चर्चा जोरों पर है। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना में शामिल जेसीबी मशीन शहर के एक राजनीतिक दल के नेता तथा नगर परिषद के एक पदाधिकारी से संबंधित बताई जा रही है। इसी कारण मामले में कार्रवाई को लेकर तरह-तरह के सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि जेसीबी चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के दस्तावेज, बीमा, फिटनेस प्रमाणपत्र तथा मशीन के संचालन की वैधता की गहन जांच की जाए। साथ ही दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

सबसे हैरानी की बात यह है कि दुर्घटना के कई घंटे बीत जाने और युवक के गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद समाचार लिखे जाने तक घुग्घुस पुलिस स्टेशन में जेसीबी चालक और मालिक के खिलाफ कोई अपराध दर्ज नहीं किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। घायल युवक के परिजनों का आरोप है कि मामले को ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास किया जा रहा है।

परिजनों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि किसी सामान्य नागरिक की गाड़ी से ऐसा गंभीर हादसा हुआ होता तो तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी जाती। लेकिन इस मामले में हो रही देरी से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल घुग्घुस पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी होने का दावा कर रही है, लेकिन घायल युवक की गंभीर स्थिति और अब तक अपराध दर्ज न होने के कारण क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नागरिकों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here