Home Breaking News 01 वर्ष बाद मिली नाबालिग, आरोपी भी गिरफ्तार

01 वर्ष बाद मिली नाबालिग, आरोपी भी गिरफ्तार

210

01 वर्ष बाद मिली नाबालिग, आरोपी भी गिरफ्तार



ऑपरेशन शोध-4 के तहत चंद्रपुर पुलिस की बड़ी सफलता


चंद्रपुर | प्रतिनिधि

चंद्रपुर पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (LCB), मानव तस्करी विरोधी कक्ष (AHTU) और साइबर सेल ने ऑपरेशन शोध-4 के तहत एक वर्ष से लापता नाबालिग बालिका का सफलतापूर्वक पता लगाकर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस स्टेशन चिमूर में वर्ष 2025 में दर्ज अपराध क्रमांक 41/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध के मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि संबंधित मोबाइल नंबर नागपुर जिले के कामठी तहसील अंतर्गत मौजा गुमथला क्षेत्र में सक्रिय है।

इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) तथा अन्य तकनीकी जानकारियों का गहन विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि पीड़ित नाबालिग बालिका तथा आरोपी सरगम केशव बावणे (25 वर्ष), निवासी मोटेगांव, तहसील चिमूर नागपुर क्षेत्र में रह रहे हैं।

मिली जानकारी के आधार पर AHTU, LCB एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 जून 2026 को नागपुर जिले के मौजा गुमथला से दोनों को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई एवं जांच के लिए दोनों को चिमूर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन शोध-4 के तहत लापता बच्चों और महिलाओं की खोज के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here