Home Breaking News जेसीबी की भीषण टक्कर में युवक ने गंवाया पैर, चालक के खिलाफ...

जेसीबी की भीषण टक्कर में युवक ने गंवाया पैर, चालक के खिलाफ मामला दर्ज

173

जेसीबी की भीषण टक्कर में युवक ने गंवाया पैर, चालक के खिलाफ मामला दर्ज



घुग्घुस में लापरवाही का बड़ा हादसा, गंभीर रूप से घायल युवक का पैर काटना पड़ा


घुग्घुस,

घुग्घुस क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही जेसीबी मशीन की टक्कर में एक 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत इतनी गंभीर थी कि उपचार के दौरान डॉक्टरों को उसका एक पैर काटना पड़ा। इस घटना के बाद नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शरद काळे (25)अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से नकोडा मार्ग होते हुए घुग्घुस की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक जेसीबी मशीन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शरद काळे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद जेसीबी चालक मनोज कुमार घटनास्थल से फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय नागरिकों की सतर्कता के कारण उसे पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त जेसीबी और मोटरसाइकिल को जब्त कर पुलिस थाने में जमा कर लिया है।

गंभीर रूप से घायल शरद काळे को तत्काल उपचार के लिए चंद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन पैर में गंभीर चोट और संक्रमण की स्थिति को देखते हुए उनका एक पैर काटना पड़ा।

घायल युवक की शिकायत पर घुग्घुस पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 तथा 125 (अ) और 125 (ब) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल जेसीबी मशीन साईराज सिविल कंस्ट्रक्टर की है, जिसके मालिक राजुरेड्डी वार्ड क्रमांक 6, जनता स्कूल के पास, घुग्घुस निवासी बताए जा रहे हैं। मामले की आगे की जांच घुग्घुस पुलिस द्वारा की जा रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है। एक युवा को जीवनभर के लिए अपंगता का दर्द देने वाली इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here