नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग, भीम आर्मी ने एसपी को सौंपा ज्ञापन————————————————-
चंद्रपुर 13 जुलाई। दुर्गापुर थाना क्षेत्र के ऊर्जानगर में 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ कथित दुष्कर्म एवं उसके गर्भवती होने के मामले तथा पड़ोली थाना क्षेत्र में सामने आए एक अन्य कथित दुष्कर्म प्रकरण को लेकर भीम आर्मी ने सोमवार को चंद्रपुर पुलिस अधीक्षक आयुष मोपानी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि दोनों मामलों के आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं के तहत प्रभावी जांच कर शीघ्र आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए तथा उन्हें कानून के अनुसार कठोर से कठोर सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाए।
भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले जघन्य अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाना आवश्यक है। संगठन ने ऐसे मामलों की त्वरित जांच, पीड़ितों को न्याय तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार की नीतियों पर भी संगठन ने अपनी नाराजगी व्यक्त की और महिला सुरक्षा के लिए अधिक प्रभावी एवं कठोर कानून लागू करने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।