Home Breaking News 80 वर्षीय महिला पर जानलेवा हमले के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

80 वर्षीय महिला पर जानलेवा हमले के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

142

80 वर्षीय महिला पर जानलेवा हमले के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन



आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग


घुग्घुस (चंद्रपुर): घुग्घुस शहर में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ हुई मारपीट और लूट के प्रयास की घटना के विरोध में शहर कांग्रेस ने सोमवार को पुलिस निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा शहर में बढ़ते अपराध और अवैध धंधों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 2 अगस्त की रात लगभग 10 बजे अमराई वार्ड निवासी 80 वर्षीय महिला बस स्टैंड से पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने श्मशान भूमि की ओर ले जाकर उनके साथ मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और गले से आभूषण लूटने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
कांग्रेस ने इस घटना को महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल बताते हुए कहा कि शहर में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। संगठन का आरोप है कि बाहरी राज्यों से आए श्रमिकों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों में भी इजाफा हुआ है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि लॉयड्स मेटल कंपनी के आसपास तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब, गांजा और एमडी जैसे मादक पदार्थों की खुलेआम बिक्री हो रही है, जिससे नागरिकों में भय का माहौल है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पिछले सप्ताह भी एक स्टांप विक्रेता पर जानलेवा हमला कर नकदी लूट ली गई थी। अब बुजुर्ग महिला के साथ हुई घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शहर में संचालित सभी अवैध कारोबारों पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान नगराध्यक्ष दीप्ती सोनटक्के, शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं नगर परिषद उपाध्यक्ष राजू रेड्डी, महिला जिला उपाध्यक्ष यास्मीन सैय्यद, आयशा बुखारी, सैय्यद अनवर, अलीम शेख, अजय उपाध्ये, अनिरुद्ध आवले सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here