Home Breaking News कोठारी के विकास में नहीं आएगी धन की कमी : आ. सुधीर...

कोठारी के विकास में नहीं आएगी धन की कमी : आ. सुधीर मुनगंटीवार

51

कोठारी के विकास में नहीं आएगी धन की कमी : आ. सुधीर मुनगंटीवार

5 करोड़ के सीमेंट रोड का भूमिपूजन; अपर तहसील कार्यालय, तलाठी कार्यालय, नमो सचिवालय, वाचनालय और संत रविदास महाराज सभागृह का लोकार्पण

चंद्रपुर। कोठारी के सर्वांगीण विकास के लिए निधि की कमी नहीं होने दी जाएगी, लेकिन विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक काम मजबूत, टिकाऊ और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, यह स्पष्ट निर्देश बल्लारपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने अधिकारियों को दिए।

कोठारी में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और नए कार्यों के भूमिपूजन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आ. मुनगंटीवार ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर अपर तहसील कार्यालय, तलाठी कार्यालय, नमो सचिवालय (ग्राम पंचायत) भवन, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी वाचनालय और संत रविदास महाराज सभागृह का लोकार्पण किया गया। साथ ही करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मुख्य सीमेंट रोड का भूमिपूजन भी किया गया।

कोठारीवासियों ने लाडू तुला कर आ. मुनगंटीवार का स्वागत किया। इस दौरान भव्य तिरंगा रैली भी निकाली गई।

सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं

आ. मुनगंटीवार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला मुख्य मार्ग कोठारी के लिए महत्वपूर्ण है। यदि निर्माण कार्य के लिए अतिरिक्त निधि की आवश्यकता पड़े तो उसे उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन सड़क गुणवत्तापूर्ण और लंबे समय तक टिकाऊ होनी चाहिए।

छात्रों के लिए आधुनिक वाचनालय

डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी वाचनालय को विद्यार्थियों के लिए आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित करने पर भी उन्होंने जोर दिया। वाचनालय के लिए आवश्यक पुस्तकों, अलमारियों, वातानुकूलित सुविधा और सौर ऊर्जा व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि कोठारी के इस वाचनालय से अध्ययन कर कोई विद्यार्थी भविष्य में बड़ी उपलब्धि हासिल करे और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करे, ऐसा सुविधायुक्त वाचनालय तैयार किया जाना चाहिए। इसके लिए आवश्यक निधि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी उन्होंने दिया।

कोठारी में बनेगा खेल मैदान

‘मिशन ओलंपिक 2036’ का उल्लेख करते हुए आ. मुनगंटीवार ने कहा कि युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बल्लारपुर स्टेडियम में 8.50 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी केंद्र विकसित किया जा रहा है।

कोठारी में खेल मैदान के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश तहसीलदार को दिए गए। जमीन उपलब्ध होने के बाद वहां आवश्यक सुविधाएं विकसित करने में सहयोग करने की बात उन्होंने कही।

संजय गांधी निराधार योजना का लाभ अब कोठारी में

संजय गांधी निराधार योजना के लिए कोठारी क्षेत्र के नागरिकों को बल्लारपुर जाने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए कोठारी में ही संबंधित व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों के आवेदन एकत्रित कर उनका शीघ्र निपटारा करने और जरूरतमंदों तक योजना का लाभ पहुंचाने को कहा गया।

सिंचाई परियोजना से किसानों को मिलेगा लाभ

पळसगांव-आमडी उपसा सिंचाई योजना का उल्लेख करते हुए आ. मुनगंटीवार ने वर्धा नदी पर आमडी बैराज बनाने के निर्णय की जानकारी दी। बैराज बनने से कोठारी, पळसगांव, किन्ही, इटोली, कलमना, दहेली, बामणी और नई दहेली सहित आसपास के गांवों के किसानों को सिंचाई का लाभ मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने किसानों से ‘जो बिके, वही उगाएं’ की अवधारणा अपनाने का आह्वान किया। खेती को मजबूरी नहीं बल्कि मजबूती का व्यवसाय बनाने की आवश्यकता पर उन्होंने जोर दिया। धान के बोनस के लिए राज्य सरकार के समक्ष लगातार मांग रखने की बात भी उन्होंने कही।

महिलाओं के पांच ग्रामसंघों के लिए बनेगी स्वतंत्र इमारत

कोठारी की महिलाओं के पांच ग्रामसंघों के लिए स्वतंत्र भवन बनाने की दिशा में भी पहल की गई है। आ. मुनगंटीवार ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रस्तावित भवन में पांचों ग्रामसंघों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के साथ एक सभागृह भी होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इससे महिला समूहों को एक स्थान पर संगठित होकर काम करने और अपने सामाजिक एवं आर्थिक उपक्रमों को गति देने में मदद मिलेगी।

क्रांति दिवस और विश्व आदिवासी दिवस का भी उल्लेख

कार्यक्रम में आ. मुनगंटीवार ने 9 अगस्त अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और शहीदों को नमन किया। साथ ही विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने आदिवासी समाज को मेहनती, पराक्रमी और प्रकृति से गहराई से जुड़ा समाज बताया।

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के विकास, प्रगति और आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास जरूरी हैं।

कार्यक्रम में उपविभागीय अधिकारी अर्जुन पावरा, तहसीलदार रेणुका कोकाटे, अपर तहसीलदार संदीप पानमंद, कार्यकारी अभियंता मुकेश टांगले, उपविभागीय अभियंता संजोग मेंढे, गटविकास अधिकारी धनंजय सालवे, उपअभियंता भूषण येरगुडे, पुलिस निरीक्षक योगेश खरसान, सरपंच अश्विनी वासमवार, उपसरपंच सुनील फरकाडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here