Home Breaking News घुग्घुस और पांढरकवड़ा में हजारों विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

घुग्घुस और पांढरकवड़ा में हजारों विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

53

घुग्घुस और पांढरकवड़ा में हजारों विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

6 से 20 अगस्त तक ‘नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’; स्कूल-कॉलेजों में युवाओं की जोरदार भागीदारी

घुग्घुस, प्रतिनिधि : बढ़ती नशाखोरी पर रोक लगाने और युवा पीढ़ी को व्यसन से दूर रखने के उद्देश्य से घुग्घुस तथा पांढरकवड़ा क्षेत्र में ‘नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ चलाया जा रहा है। 6 से 20 अगस्त 2026 तक चल रहे इस अभियान को विभिन्न स्कूलों और कनिष्ठ महाविद्यालयों में विद्यार्थियों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिल रहा है।

चंद्रपुर, वणी एवं गडचिरोली एरिया इंचार्ज कुंदा दीदी के मार्गदर्शन में स्नेहल दीदी तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी टीम द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। घुग्घुस के जनता विद्यालय एवं कनिष्ठ महाविद्यालय, वियान्नी विद्या मंदिर, प्रियदर्शिनी कन्या विद्यालय, माउंट कॉन्वेंट एसीसी तथा पांढरकवड़ा के न्यू इंग्लिश कनिष्ठ महाविद्यालय, इंदिरा ग्रामीण विद्यालय और जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किए गए।

‘नशा नहीं करेंगे, दूसरों को भी बचाएंगे’

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

विद्यार्थियों को तंबाकू, गुटखा, सिगरेट, शराब और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन के महत्व को समझाया गया।

युवा पीढ़ी को नशे से बचाने का संकल्प

आयोजकों के अनुसार आज के समय में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में स्कूल स्तर से ही जागरूकता फैलाकर विद्यार्थियों को नशे से दूर रखना जरूरी है।

सामूहिक शपथ के माध्यम से विद्यार्थियों ने “नशा नहीं करेंगे, नशे को बढ़ावा नहीं देंगे और नशामुक्त समाज के लिए जागरूकता फैलाएंगे” का संकल्प लिया।

‘नशे को ना, उज्ज्वल भविष्य को हां!’

घुग्घुस और पांढरकवड़ा के शैक्षणिक संस्थानों में हुए इन कार्यक्रमों से नशामुक्ति का सकारात्मक संदेश विद्यार्थियों के साथ समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

अभियान का संदेश है—“नशामुक्त युवा, स्वस्थ समाज और सक्षम भारत।”

हजारों विद्यार्थियों द्वारा ली गई सामूहिक शपथ केवल एक औपचारिकता न रहकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए और युवा शिक्षा, खेल तथा सामाजिक कार्यों की ओर आगे बढ़ें, यही इस अभियान का उद्देश्य है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here