Home Breaking News गणेशोत्सव में सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाले गणेश मंडलों को चंद्रपुर...

गणेशोत्सव में सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाले गणेश मंडलों को चंद्रपुर पुलिस देगी आकर्षक पुरस्कार

25

गणेशोत्सव में सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाले गणेश मंडलों को चंद्रपुर पुलिस देगी आकर्षक पुरस्कार



नशामुक्ति, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और महिला सुरक्षा पर उत्कृष्ट झांकी व जनजागृति कार्यक्रमों को मिलेगा सम्मान


चंद्रपुर। आगामी गणेशोत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सामाजिक सद्भाव के वातावरण में मनाया जाए, साथ ही समाज में महत्वपूर्ण विषयों को लेकर जनजागरूकता पैदा हो, इसके लिए चंद्रपुर जिला पुलिस दल की ओर से विशेष पहल की जा रही है।

इस वर्ष गणेशोत्सव के दौरान अमली पदार्थ विरोधी जनजागृति, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण तथा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण जैसे सामाजिक विषयों पर उत्कृष्ट देखावे, जीवंत झांकी अथवा जनजागृति एवं प्रबोधनात्मक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले सार्वजनिक गणेश मंडलों को पुलिस प्रशासन की ओर से प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

सामाजिक संदेश देने वाले मंडलों को प्रोत्साहन

पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य गणेशोत्सव की पवित्रता बनाए रखने के साथ ही युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।

इन विषयों पर होगा मूल्यांकन

🔹 नशे के खिलाफ जनजागृति:
ड्रग्स एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्परिणाम, व्यसनमुक्ति और स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश देने वाली झांकी, देखावा या जनजागृति कार्यक्रम।

🔹 ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण:
न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए तेज आवाज वाले डीजे और साउंड सिस्टम से परहेज करना तथा पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव को बढ़ावा देना।

🔹 महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण:
महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने, छेड़छाड़ विरोधी संदेश, साइबर सुरक्षा और महिलाओं से संबंधित कानूनों पर प्रभावी झांकी, पथनाट्य या जनजागृति कार्यक्रम।

🔹 शांति एवं नियमों का पालन:
गणेश मंडप, आरती और विसर्जन मिरवणूक के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी नियमों का पूरी तरह पालन करना भी मूल्यांकन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा।

पहले तीन विजेताओं को सम्मान

चंद्रपुर जिले के सार्वजनिक गणेश मंडलों में से सर्वश्रेष्ठ तीन मंडलों का चयन पुलिस प्रशासन द्वारा गठित समिति के माध्यम से किया जाएगा। विजेताओं को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ सन्मानचिन्ह और प्रशस्तिपत्र प्रदान कर गौरवान्वित किया जाएगा।

चंद्रपुर पुलिस ने जिले के सभी सार्वजनिक गणेश मंडलों से अपील की है कि वे उत्सव को केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित न रखते हुए नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे ज्वलंत सामाजिक मुद्दों पर जनजागृति करें तथा इस अभियान में उत्स्फूर्त भागीदारी दर्ज कराएं।

ऐसे करें पंजीयन

स्पर्धा में भाग लेने के इच्छुक गणेश मंडल अपनी प्रवेशिका spchandrapur123@gmail.com ई-मेल अथवा WhatsApp क्रमांक 74477440100 पर भेज सकते हैं।

चंद्रपुर पुलिस का संदेश:

“गणेशोत्सव मनाएं उत्साह से, लेकिन सामाजिक जिम्मेदारी के साथ!”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here