Home Breaking News गणेश विसर्जन को लेकर चंद्रपुर में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव

गणेश विसर्जन को लेकर चंद्रपुर में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव

190

गणेश विसर्जन को लेकर चंद्रपुर में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव



25 सितंबर सुबह 6 बजे से 26 सितंबर सुबह 6 बजे तक कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित


चंद्रपुर। गणेश विसर्जन मिरवणूक को देखते हुए चंद्रपुर शहर में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। आगामी 25 सितंबर 2026 को शहर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में गणेश मंडलों की मिरवणूक निकलने वाली है। मिरवणूक मार्ग पर नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात सुचारू रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष यातायात अधिसूचना जारी की है।

चंद्रपुर के पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी (भापोसे) ने मुंबई पुलिस अधिनियम 1951 की धारा 33(1)(ब) के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए यातायात मार्गों में बदलाव के निर्देश जारी किए हैं।

अधिसूचना के अनुसार 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 26 सितंबर सुबह 6 बजे तक यातायात व्यवस्था में यह बदलाव लागू रहेगा।

मुख्य विसर्जन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद

गणेश विसर्जन की मुख्य मिरवणूक प्रियदर्शनी चौक–जटपुरा गेट–कस्तुरबा चौक–गांधी चौक–जटपुरा गेट–रामनगर रोड–संत केवलराम चौक–इरई नदी (रामसेतु पुल) मार्ग से जाएगी। इस दौरान इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

नागपुर से बल्लारशा-मूल जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

नागपुर रोड से आने वाले और बल्लारशा अथवा मूल की ओर जाने वाले वाहनों को प्रियदर्शनी चौक की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को वरोरा नाका, उड़ान पुल, सावरकर चौक, बंगाली कैंप होते हुए मूल अथवा बल्लारशा की ओर जाना होगा।

इसी प्रकार मूल या बल्लारशा से नागपुर जाने वाले वाहनों को बंगाली कैंप, सावरकर चौक और वरोरा नाका नए उड़ान पुल के रास्ते नागपुर की ओर जाना होगा।

शहर में प्रवेश के लिए वैकल्पिक मार्ग

नागपुर की ओर से चंद्रपुर शहर में आने वाले भारी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों को छोटा नागपुर मार्ग, दाताला चौक, देवाला गांव और घोराला टी-पॉइंट होते हुए विनया गेट अथवा पठानपुरा गेट से शहर में प्रवेश करना होगा।

चंद्रपुर शहर थाना क्षेत्र के नागरिकों को नागपुर, वणी, घुग्घुस और गडचांदूर की ओर जाने के लिए सहमत नगर, नगीना बाग सहित अन्य क्षेत्रों से विनया गेट, घोराला और दाताला मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

बल्लारशा-मूल से शहर में आने वालों के लिए भी मार्ग बदला

बल्लारशा और मूल की ओर से आने वाले भारी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों को शहर में प्रवेश के लिए बस स्टैंड–एलआईसी कार्यालय–बगड़ खिडकी मार्ग, जुनोना चौक अथवा प्रसन्ना पेट्रोल पंप–बाबूपेठ मार्ग से प्रवेश की अनुमति रहेगी। बाबूपेठ मार्ग से आने वाले वाहन अंचलेश्वर गेट तक ही प्रवेश कर सकेंगे।

कई स्थानों पर ‘नो पार्किंग’ और ‘नो हॉकर जोन’

गणेश विसर्जन की मुख्य मिरवणूक के दौरान पुलिस प्रशासन ने कई प्रमुख क्षेत्रों को ‘नो पार्किंग जोन’ और ‘नो हॉकर जोन’ घोषित किया है।

इनमें प्रमुख रूप से—

  • जटपुरा गेट से कस्तुरबा चौक तक
  • जटपुरा गेट से रामनगर रोड होते हुए रामसेतु पुल तक
  • जटपुरा गेट से प्रियदर्शनी चौक तक
  • कस्तुरबा चौक
  • गांधी चौक से जटपुरा गेट तक
  • कस्तुरबा चौक से अंचलेश्वर गेट तक
  • गांधी चौक से मिलन चौक होते हुए जोड़देऊल तक
  • कस्तुरबा चौक से जेल रोड चौक तक
  • दस्तगीर चौक से मिलन चौक तक का क्षेत्र शामिल है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि गणेश विसर्जन मिरवणूक के दौरान निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन खड़े न करें और पुलिस द्वारा दिए गए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि विसर्जन मिरवणूक शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here