घुग्घुस सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर
बाइक को टक्कर मारने वाला ट्रक पुलिस के कब्जे में; चालक और मालिक की जानकारी सामने आई
सपरा पेट्रोल पंप के पास हुआ था भीषण हादसा; ट्रक क्रमांक MH-40-BG-0063 जब्त, पुलिस की आगे की जांच जारी
घुग्घुस : चंद्रपुर जिले घुग्घुस शहर में घुग्घुस-चंद्रपुर मार्ग पर शेनगांव स्थित सपरा पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार, 6 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक और ट्रक के बीच हुई इस जोरदार भिड़ंत के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था। हालांकि, घटना के कुछ घंटों बाद पुलिस ने तलाश और छानबीन करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़चिरौली जिले के कोरची निवासी तनेश्वर कुमारसाय नांग (27) और जयदीप श्रीराम हलामी (24) अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक क्रमांक MH-33-AJ-9969 से घुग्घुस से चंद्रपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शेनगांव स्थित सपरा पेट्रोल पंप के पास ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल चंद्रपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फरार ट्रक पुलिस के हाथ लगा
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया था। घुग्घुस पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों की छानबीन के बाद पुलिस ने ट्रक क्रमांक MH-40-BL-0063 को हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक की पहचान धर्मेंद्र उमराव प्रजापति (37), निवासी एकडला, जिला फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं ट्रक मालिक का नाम पंकज झा बताया गया है, जिसका संबंध पडोली से बताया जा रहा है। ट्रक जगन्नाथ ट्रांसपोर्ट से संबंधित बताया गया है।
वन-वे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस दुर्घटना के बाद घुग्घुस-चंद्रपुर मार्ग पर यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पिछले कुछ महीनों से पाइपलाइन बिछाने के कार्य के चलते इस मार्ग पर वन-वे यातायात संचालित किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
आखिर निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए? क्या संबंधित विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही यातायात सुरक्षा के उपाय करेगा?
फिलहाल घुग्घुस पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। दो युवकों की मौत से कोरची क्षेत्र में शोक की लहर है।