

घुग्घुस के भीषण सड़क हादसे में तीनों युवकों की मौत
इलाज के दौरान तीसरे युवक ने भी तोड़ा दम; एक ही हादसे ने उजाड़ दिए तीन परिवार
सपरा पेट्रोल पंप के पास बाइक-ट्रक की जोरदार भिड़ंत; पुलिस ने फरार ट्रक को पकड़ा, चालक की पहचान धर्मेंद्र प्रजापति के रूप में
घुग्घुस (संवाददाता)। घुग्घुस-चंद्रपुर मार्ग पर शेनगांव स्थित सपरा पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार, 6 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में अब तीनों युवकों की मौत हो गई है। दुर्घटना में घटनास्थल पर ही दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने भी चंद्रपुर के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़चिरौली जिले के कोरची निवासी तनेश्वर कुमारसाय नांग (27), जयदीप श्रीराम हलामी (24) और गोपाल बुद्धुराम नैमाम (20) बाइक क्रमांक MH-33-AJ-9969 से घुग्घुस से चंद्रपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शेनगांव स्थित सपरा पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तनेश्वर कुमारसाय नांग और जयदीप श्रीराम हलामी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गोपाल बुद्धुराम नैमाम गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल चंद्रपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में तीनों युवकों की जान चली गई।
फरार ट्रक पुलिस के कब्जे में
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही घुग्घुस पुलिस ने जांच और तलाश शुरू की। कुछ घंटों की छानबीन के बाद पुलिस ने ट्रक क्रमांक MH-40-BG-0063 को अपने कब्जे में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक की पहचान धर्मेंद्र उमराव प्रजापति (37), निवासी एकडला, जिला फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं ट्रक मालिक का नाम पंकज झा बताया गया है। ट्रक पडोली से संबंधित जगन्नाथ ट्रांसपोर्ट का बताया जा रहा है।
वन-वे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद घुग्घुस-चंद्रपुर मार्ग की यातायात व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पिछले कुछ महीनों से पाइपलाइन बिछाने के कार्य के चलते इस मार्ग पर वन-वे यातायात संचालित किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
आखिर निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए? क्या संबंधित विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा? तीन युवकों की मौत के बाद अब नागरिकों ने सड़क निर्माण और यातायात सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
फिलहाल घुग्घुस पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत से कोरची क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।










