Home Breaking News भद्रावती में दिनदहाड़े सनसनीखेज हत्या

भद्रावती में दिनदहाड़े सनसनीखेज हत्या

1045

भद्रावती में दिनदहाड़े सनसनीखेज हत्या



नागमंदिर चौक पर 40 वर्षीय युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला; मौके पर मौत, आरोपी फरार


भद्रावती : भद्रावती शहर में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मोटरसाइकिल से जा रहे 40 वर्षीय युवक पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 7:30 बजे नागमंदिर चौक के पास हुई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान उमदेव भावराव मेश्राम (40) के रूप में हुई है। वे मूल रूप से देऊरवाड़ा, तहसील भद्रावती के निवासी थे और वर्तमान में शिवाजीनगर, प्रज्ञा वाचनालय के पास, भद्रावती में रह रहे थे।

मोटरसाइकिल से निकले थे, रास्ते में घात लगाकर हमला

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, उमदेव मेश्राम बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वे नागमंदिर चौक के पास पहुंचे, अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से गर्दन पर किए गए गंभीर वार के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही भद्रावती पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। उपविभागीय पुलिस अधिकारी सचिन खेत्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा और घटनास्थल से संभावित सबूत जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हत्या की वजह बनी पहेली, आरोपियों की तलाश तेज

मेश्राम की हत्या किस वजह से की गई और वारदात के पीछे कौन लोग हैं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच तेज कर दी है। हमलावरों तक पहुंचने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।

सुबह के समय सार्वजनिक स्थान पर हुई इस सनसनीखेज हत्या से भद्रावती शहर में दहशत और चिंता का माहौल है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या कोई अन्य कारण था।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here