चंद्रपुर जिले के रेल विकास को नई दिशा
विधायक सुधीर मुनगंटीवार की रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक
चंद्रपुर :
राज्य के पूर्व वन एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री तथा सुधीर मुनगंटीवार ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर चंद्रपुर जिले के रेल विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस बैठक में बल्लारशाह से मुंबई तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की जोरदार मांग उठाई गई, साथ ही इस ट्रेन का नाम “ताडोबा एक्सप्रेस” रखने का प्रस्ताव भी रखा गया।
विधायक मुनगंटीवार ने कहा कि विश्वप्रसिद्ध ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व की पहचान के अनुरूप यह रेल सेवा पर्यटन और यात्रियों दोनों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इस मांग पर रेल मंत्री ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए शुरुआत में सप्ताह में एक दिन ट्रेन शुरू करने तथा आगे सेवा बढ़ाने के संकेत दिए हैं।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शर्मा, ZRUCC मध्य रेलवे मुंबई के सदस्य अजय दुबे तथा रेलवे विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
चंद्रपुर–पुणे रेल सेवा की भी मांग
बैठक के दौरान विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने चंद्रपुर–पुणे साप्ताहिक ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन चलाने की मांग भी रखी। इसके अलावा चेन्नई–छपरा गंगा-कावेरी एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने तथा बल्लारशाह–लोकमान्य टिळक टर्मिनस रेल सेवा को सीएसएमटी तक बढ़ाने की मांग भी की गई। रेल मंत्री ने इन मांगों पर भी सकारात्मक रुख अपनाया।
चांदा फोर्ट और नांदुरा स्टेशन के मुद्दे उठाए
विधायक मुनगंटीवार ने चांदा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव और ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था सुधारने की मांग की। वहीं, नांदुरा रेलवे स्टेशन पर हिसार सुपरफास्ट एक्सप्रेस, ओखा–दरभंगा एक्सप्रेस, जोधपुर–बेंगलुरु सुपरफास्ट और पुणे–काशी एक्सप्रेस के ठहराव की भी मांग रखी गई।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए सकारात्मक निर्णय का आश्वासन दिया।
रेलवे अतिक्रमणधारकों को मिलेगा मुआवजा
बैठक में रेलवे लाइन किनारे चल रही अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने मांग की कि प्रभावित नागरिकों पर अन्याय न हो तथा उचित पुनर्वसन और मुआवजे के बिना कोई कार्रवाई न की जाए।
इस पर रेल मंत्री ने पुनर्वसन और मुआवजा देने को लेकर सकारात्मक भूमिका अपनाते हुए आवश्यक निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
मारोडा रेलवे क्रॉसिंग के लिए नया डिजाइन मंजूर
मारोडा रेलवे क्रॉसिंग के मुद्दे पर विधायक मुनगंटीवार ने अंडरब्रिज के बजाय रोड ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण की मांग की। इस पर रेल मंत्री ने बताया कि रेलवे विभाग ने नया डिजाइन तैयार किया है, जिसमें बारिश के दौरान जलभराव रोकने के विशेष उपाय किए गए हैं। जल्द ही इस परियोजना पर काम शुरू किया जाएगा।
अमृत भारत स्टेशन योजना को मिलेगी गति
बैठक में बल्लारशाह और चंद्रपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों को भी लेकर चर्चा हुई। विधायक मुनगंटीवार ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन कार्यों को तेजी से पूरा करने की मांग की।
इस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उठाई गई प्रमुख मांगें
बल्लारशाह–मुंबई “ताडोबा एक्सप्रेस” शुरू करना
चंद्रपुर–पुणे रेल सेवा सप्ताह में तीन दिन चलाना
नांदुरा स्टेशन पर सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव
गंगा-कावेरी एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाना
बल्लारपुर–अयोध्या नई रेल सेवा शुरू करना
अतिक्रमणधारकों और किसानों को उचित मुआवजा देना
बैठक के बाद विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने विश्वास जताया कि इन निर्णयों से चंद्रपुर जिले में रेलवे विकास को नई दिशा मिलेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।










