घुग्घुस के पीएम श्री विद्यालय में प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन
नए विद्यार्थियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत, अभिभावकों को नई शिक्षा नीति और पीएम श्री योजना की दी जानकार
चंद्रपुर :
नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर घुग्घुस स्थित पीएम श्री जिला परिषद उच्च प्राथमिक कन्या विद्यालय में प्रवेशोत्सव, स्कूल पूर्व तैयारी मेला तथा नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत समारोह का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया और उन्हें विद्यालय परिवार का हिस्सा बनने पर शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित स्कूल पूर्व तैयारी मेले में बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। मेले में खेल-खेल में शिक्षा, भाषा एवं गणित विकास कार्यक्रम, गतिविधि आधारित शिक्षण सामग्री तथा अभिभावकों के लिए विशेष मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की नवाचारी शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में घुग्घुस नगराध्यक्ष दीप्ती सोनटक्के, उपाध्यक्ष राजू रेड्डी, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष माला मेश्राम, उपशिक्षणाधिकारी विशाल देशमुख, स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सोनू कामतवार, केंद्र प्रमुख श्री पायपरे सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित शिक्षा में सहयोग करने और विद्यालय से निरंतर संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया। साथ ही पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक, कौशल आधारित और आनंददायक शिक्षा की जानकारी भी दी गई।