सेवानिवृत्त WCL कर्मी के घर से नगदी सहीत लाखों रू का मुद्देमाल गायब
घुग्घुस:
चंद्रपुर जिले के घुग्घुस शहर में चोरों के हौसले इन दिनों बुलंद नजर आ रहे हैं। Western Coalfields Limited (WCL) के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर बीस हजार रुपए नगदी सहीत लाखों रुपए का माल साफ कर दिया।
शहर मे लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैरम बाबा नगर निवासी रायलिंगु रामस्वामी 24 फरवरी को अपनी बेटी के घर तेलंगाना के करीमनगर में गृहप्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। 28 फरवरी की रात जब वे लौटे, तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए — अलमारी खुली थी, सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवर-नकदी गायब थी।
चोर करीब डेढ़ तोला सोना (10 ग्राम की चैन, 5 ग्राम की अंगूठी), 20 हजार रुपये नगद और लगभग पांच तोला चांदी की पायल ले उड़े। वारदात की सूचना तुरंत घुग्घुस पुलिस स्टेशन को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंद्रपुर से डॉग स्क्वायड बुलाकर घटनास्थल की गहन जांच की जा रही है।
यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ ही दिन पहले चांदनी नगर में भी एक घर का ताला तोड़कर 11 हजार रुपये नगद चोरी किए गए थे। एक के बाद एक हो रही वारदातों से शहरवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात की गश्त बढ़ाने, संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने और चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो चोरों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।