Home Breaking News एकोना माइंस में स्थानीय मजदूरों से अन्याय बर्दाश्त नहीं

एकोना माइंस में स्थानीय मजदूरों से अन्याय बर्दाश्त नहीं

57

एकोना माइंस में स्थानीय मजदूरों से अन्याय बर्दाश्त नहीं



 मुनगंटीवार की दो टूक चेतावनी, “डावलोगे तो याद रखो!”


चंद्रपुर / भद्रावती:
भद्रावती तहसील की एकोना माइंस में पिछले आठ महीनों से स्थानीय मजदूरों को काम से दूर रखे जाने के मामले ने अब राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। इस गंभीर मुद्दे पर राज्य के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने सख्त और आक्रामक रुख अपनाते हुए वेकोली प्रशासन को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि “स्थानीयों के हक पर डाका डालने की कोशिश बंद करो, वरना परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहो।”

जिलाधिकारी कार्यालय के 20 सूत्री सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुनगंटीवार ने अधिकारियों की जमकर क्लास ली। उन्होंने कहा कि यह कोई फाइलों का खेल या तकनीकी बहाना नहीं है, बल्कि सैकड़ों परिवारों की रोटी-रोजी का सवाल है। आठ महीनों से काम से वंचित मजदूरों के घरों में चूल्हे ठंडे पड़ने की नौबत आ गई है, और प्रशासन तमाशबीन बना बैठा है — यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।

बैठक में वेकोली (वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) अधिकारियों से ठेका शर्तों, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और मजदूरों को हटाने के कारणों पर विस्तृत जानकारी ली गई। लेकिन मुनगंटीवार ने साफ कर दिया कि किसी भी कागजी दलील के पीछे छिपकर स्थानीय मजदूरों के अधिकारों का गला घोंटने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

उन्होंने बाहरी श्रमिकों को प्राथमिकता दिए जाने पर तीखी आपत्ति जताई और कहा कि “यह क्षेत्र के युवाओं और मजदूरों के साथ खुला अन्याय है। स्थानीयों को दरकिनार कर बाहर से मजदूर लाने की नीति तुरंत बंद की जाए।”

मुनगंटीवार ने निर्देश दिया कि सभी पूर्व स्थानीय मजदूरों को तत्काल प्रभाव से काम पर बहाल किया जाए और उनके लंबित मुद्दों का समयबद्ध समाधान किया जाए। साथ ही उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया कि यदि आदेशों की अवहेलना हुई तो मामला और गंभीर रूप ले सकता है।

विधायक के इस तेवर से मजदूरों में नई उम्मीद जगी है। अब सवाल यही है — क्या प्रशासन सच में स्थानीयों के हक में फैसला लागू करेगा, या फिर आश्वासन की फाइलें ही घूमती रहेंगी? पूरे जिले की नजर अब वेकोली प्रबंधन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here