5 नई अत्याधुनिक फॉरेंसिक वैन तैनात, जांच को मिलेगी वैज्ञानिक दिशा
चंद्रपुर :
चंद्रपुर जिला पुलिस को अपराध जांच में बड़ी मजबूती मिली है। जिले में गंभीर अपराधों की जांच को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए 5 नई अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन विशेषज्ञों की टीम के साथ पुलिस बेड़े में शामिल की गई हैं।
इससे पहले भी जिले में 2 फॉरेंसिक वैन कार्यरत थीं, और अब कुल 7 वैन विभिन्न उपविभागों में सक्रिय रहेंगी।
जिले में पहले से प्रादेशिक न्याय सहायक वैज्ञानिक प्रयोगशाला (फॉरेंसिक लैब) के माध्यम से वैज्ञानिक जांच की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन अब इन नई मोबाइल वैन के जरिए घटनास्थल पर ही सबूतों का तत्काल और सटीक संकलन संभव हो सकेगा। इससे हत्या जैसे संवेदनशील मामलों और जटिल अपराधों की गुत्थी सुलझाने में तेजी आएगी।
मोबाइल फॉरेंसिक वैन की खासियतें :
घटनास्थल पर ही रक्त, बाल, कपड़े जैसे भौतिक साक्ष्यों का संकलन। फिंगरप्रिंट (बोटों के निशान) की तत्काल जांच और रिकॉर्डिंग। सैंपल का वैज्ञानिक विश्लेषण और प्रयोगशाला परीक्षण। विस्फोटक पदार्थों की जांच के लिए विशेष किट्स डीएनए और रक्त परीक्षण के नमूने संग्रह की सुविधा लैंगिक अपराधों में प्रत्यक्ष साक्ष्य जुटाने की आधुनिक व्यवस्था।
इन वैन में तैनात फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सूक्ष्म से सूक्ष्म साक्ष्य एकत्रित करेगी और वैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर साक्ष्यों की मजबूत कड़ी तैयार करेगी। इससे आरोपियों के खिलाफ अदालत में पुख्ता केस पेश करना आसान होगा।
इस पहल से न केवल अपराधों की जांच में तेजी आएगी, बल्कि मामलों के जल्द निपटारे और सजा की दर बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
यह सभी फॉरेंसिक वैन पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन और अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न उपविभागों—चंद्रपुर, वरोरा, चिमूर, ब्रह्मपुरी, मुल, राजुरा और गडचांदूर—में तैनात की जाएंगी।
अब उम्मीद की जा रही है कि चंद्रपुर पुलिस की यह नई तकनीकी ताकत अपराधियों पर शिकंजा कसने में अहम भूमिका निभाएगी और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी।