अचानक हुई बादल फटने जैसी बारिश से मिट्टी धंसी, दो डंपर दबे; ऑपरेटर घायल
घुग्घुस :
घुग्घुस से करीब 20 किलोमीटर दूर वणी क्षेत्र स्थित उकणी खदान में शुक्रवार 8 मई 2026 को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक तेज आंधी और अवकाळी बारिश के बीच बादल फटने जैसी स्थिति बनने से खदान क्षेत्र में भारी मात्रा में मिट्टी धंस गई, जिसकी चपेट में आकर दो डंपर मशीनें दब गईं। इस घटना में दो डंपर ऑपरेटर घायल हो गए, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खदान में नियमित कार्य जारी था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। भारी बारिश के कारण ओवरबर्डन की गई मिट्टी सड़क की ओर बहने लगी और देखते ही देखते दो डंपर मिट्टी के नीचे दब गए।
मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और दोनों ऑपरेटरों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में दोनों ऑपरेटर घायल हुए हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है।
स्थानीय कामगारों का कहना है कि इससे पहले भी उकणी खदान में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन वेकोलि प्रशासन सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है। मजदूरों के बीच दबे स्वर में यह चर्चा है कि खदान क्षेत्र में सुरक्षा उपायों की कमी के कारण बार-बार हादसे हो रहे हैं, लेकिन संबंधित अधिकारी इन घटनाओं को नजरअंदाज कर रहे हैं।
कामगारों ने आरोप लगाया कि बारिश और भू-स्खलन जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अब मजदूरों ने खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।