Home Breaking News वेकोलि मुंगोली खदान में भंगार चोरों का आतंक!

वेकोलि मुंगोली खदान में भंगार चोरों का आतंक!

217

वेकोलि मुंगोली खदान में भंगार चोरों का आतंक!



रातों-रात गायब हो रहे लाखों के पार्ट्स, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल


घुग्घुस : वेकोलि वणी क्षेत्र अंतर्गत शिरपुर पुलिस थाना क्षेत्र की मुंगोली कोयला खदान इन दिनों भंगार चोरों के निशाने पर है। खदान क्षेत्र में खड़े भारी वाहनों और लोहे के कबाड़ पर संगठित गिरोह लगातार हाथ साफ कर रहे हैं। हालात ऐसे बन चुके हैं कि रात के अंधेरे में लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, मुंगोली कोयला खदान परिसर में मिट्टी के टीले के पास HRG ट्रांसपोर्ट कंपनी की जगह पर भारत बेंच कंपनी के कुल 11 बारह-पहिया ट्रक पिछले कई महीनों से ब्रेकडाउन अवस्था में खड़े हैं। आरोप है कि घुग्घुस और भद्रावती क्षेत्र के सक्रिय भंगार चोरों के गिरोह ने इन ट्रकों को अपना आसान निशाना बना लिया है।

सूत्रों के मुताबिक, चोर अब तक ट्रकों में लगे महंगे टायर, बैटरी, सेल्फ, डायनामो और अन्य महत्वपूर्ण कलपुर्जे चोरी कर चुके हैं। इतना ही नहीं, अब गैस कटर की मदद से पूरे ट्रकों का लोहा काटकर गायब करने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ ही महीनों में सैकड़ों टन लोहे की चोरी हो चुकी है, जिससे लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

सुरक्षा जवानों की भूमिका पर भी सवाल

इस पूरे मामले में सबसे गंभीर आरोप यह सामने आ रहा है कि खदान क्षेत्र में सक्रिय भंगार चोरों को कुछ MSF जवानों का संरक्षण प्राप्त है। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि कंपनी के सफेद रंग के बोलेरो वाहन में चोरी का माल भरकर धानोरा-वर्धा नदी क्षेत्र तक पहुंचाने का काम भी कथित तौर पर सुरक्षा कर्मियों की मदद से किया जा रहा है।

यदि यह आरोप सही साबित होते हैं, तो यह केवल चोरी का मामला नहीं बल्कि सुरक्षा व्यवस्था में गहरी सेंध और अंदरूनी मिलीभगत का बड़ा संकेत माना जा रहा है।

प्रबंधन और पुलिस की भूमिका पर सवाल

स्थानीय नागरिकों और कंपनी कर्मचारियों में इस पूरे मामले को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि खदान क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी के बावजूद अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर लाखों की चोरी के बाद भी भंगार माफिया पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही?

अब वेकोलि मुंगोली खदान के क्षेत्रीय प्रबंधक और शिरपुर पुलिस निरीक्षक से भंगार चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। साथ ही खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्री गश्त बढ़ाने और कथित मिलीभगत की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी उठ रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here