चंद्रपुर, 3 जून 2026। जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) चंद्रपुर ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। भद्रावती क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में 168.94 ग्राम प्रतिबंधित एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के साथ नागपुर के एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ड्रग्स और एक कार समेत कुल 14 लाख 11 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध धंधों, मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 2 जून को स्थानीय अपराध शाखा की टीम को गुप्त सूचना मिली कि नागपुर निवासी अब्दुल सिराज अब्दुल गफ्फार बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स लेकर भद्रावती पहुंचने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर नागपुर-भद्रावती मार्ग स्थित जमघट होटल के पास जाल बिछाया। देर रात करीब 12:35 बजे संदिग्ध होंडा अमेज कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 168.94 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद हुई। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा अमेज कार भी जब्त कर ली गई। पुलिस ने मौके पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल सिराज अब्दुल गफ्फार (40 वर्ष), निवासी तुकडोजी चौक, नागपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भद्रावती पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 22(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई एमडी ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े ड्रग्स नेटवर्क से तो नहीं है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े के मार्गदर्शन तथा पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में स्थानीय अपराध शाखा की टीम द्वारा की गई। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और संभावित सप्लायरों की तलाश में जुटी हुई है।
प्रमुख तथ्य 168.94 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद नागपुर निवासी एमडी तस्करी के साथ गिरफ्तार गया।
कार्रवाई मे होंडा अमेज कार के साथ कुल 14.11 लाख रुपये का माल जब्त हुआ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में आरोपी पर मामला दर्ज किया । पुलिस द्वारा ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क की जांच शुरू हो गई।