गुटखा माफियाओं पर चंद्रपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो संगठित अपराधी गिरोहों पर ‘मिनी मकोका’ की कार्रवाई
प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के अवैध कारोबार पर कसा शिकंजा
बीएनएस की धारा 111 के तहत संगठित अपराध का मामला दर्ज, कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर अपराध
चंद्रपुर। () प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चंद्रपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संगठित अपराधी गिरोहों पर शिकंजा कस दिया है। रामनगर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 111 (संगठित अपराध) के तहत कार्रवाई करते हुए तथाकथित “मिनी मोक्का” लागू किया है।
पुलिस स्टेशन रामनगर में दर्ज अपराध क्रमांक 658/2026 और 664/2026 की जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थों की अवैध रूप से खरीद, भंडारण, परिवहन और बिक्री कर संगठित तरीके से आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने आपराधिक गिरोह बनाकर लगातार इस प्रकार के गंभीर अपराधों को अंजाम दिया है।
पहले गिरोह पर कार्रवाई
अपराध क्रमांक 658/2026 में गिरोह सरगना वसीम अख्तर झिमरी निवासी घुटकाला वार्ड, चंद्रपुर तथा उसके सहयोगी सिद्धांत माधव गोंडाणे और मोहम्मद अखिल शकील शेख के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस मामले में पुलिस ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू जब्त किया था।
दूसरे गिरोह पर भी कसा शिकंजा
अपराध क्रमांक 664/2026 में गिरोह सरगना जयसुखलाल अंबाराम ठक्कर निवासी विवेकानंद वार्ड, बल्लारपुर तथा उसके सहयोगी अजयकुमार विजयकुमार गुंडोजवार के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस मामले में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और अन्य तंबाकूजन्य पदार्थों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया था।
कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सरगनाओं और सदस्यों के खिलाफ चंद्रपुर, वर्धा, गड़चिरोली सहित अन्य जिलों के विभिन्न पुलिस थानों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, भारतीय दंड संहिता तथा भारतीय न्याय संहिता के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से संगठित तरीके से अवैध कारोबार कर रहे थे और इससे भारी आर्थिक लाभ कमा रहे थे। इसी आधार पर उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 111 के तहत संगठित अपराध की कार्रवाई की गई है।
स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
चंद्रपुर जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनने वाले प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक सख्ती से जारी रहेगा। ऐसे कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े, उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन तथा रामनगर पुलिस स्टेशन की पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके के नेतृत्व में जांच अधिकारी हिराचंद गव्हारे और सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन राखोंडे द्वारा पूरी की गई।