Home Breaking News इश्क मे शक और सरेआम हमला! महिला पर चप्पलों की बरसात, नगरसेवक...

इश्क मे शक और सरेआम हमला! महिला पर चप्पलों की बरसात, नगरसेवक पर गंभीर आरोप

81

इश्क मे शक और सरेआम हमला! महिला पर चप्पलों की बरसात, नगरसेवक पर गंभीर आरोप



“तू किससे बात करती है?”… गुस्से में बेकाबू हुए नगरसेवक, महिला को बीच सड़क पीटने का आरोप


घुग्घुस () 4 जून।घुग्घुस शहर में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने जनप्रतिनिधियों की मर्यादा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर परिषद के एक अपक्ष नगरसेवक पर आरोप है कि उन्होंने प्रेम संबंधों में उपजे शक के चलते एक महिला को दिनदहाड़े सड़क पर रोककर न केवल गाली-गलौज की, बल्कि हाथों और चप्पलों से उसकी पिटाई भी कर दी।

यह घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। लॉयड्स मेटल्स कंपनी के प्रवेश द्वार के पास महिला खड़ी थी। तभी नगरसेवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर महिला से पूछताछ शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही पलों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

महिला की शिकायत के मुताबिक, नगरसेवक ने गुस्से में आपा खो दिया और बीच सड़क पर ही उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हाथों से मारपीट करने के बाद उन्होंने पैरों की चप्पल निकालकर भी महिला को पीटा। इस घटना में महिला के सिर पर चोट आई है।

दो साल का रिश्ता, शक की आग और फिर सड़क पर संग्राम!

स्थानीय सूत्रों की मानें तो आरोपी नगरसेवक और महिला के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। लेकिन बीते कुछ महीनों से दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी। नगरसेवक को महिला पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत और संपर्क को लेकर संदेह था। इसी शक को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहे थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को यह विवाद चरम पर पहुंच गया और निजी रिश्तों का तनाव सार्वजनिक टकराव में बदल गया।

शिकायत के बाद पुलिस हरकत में

घटना के बाद पीड़ित महिला सीधे पुलिस थाने पहुंची और आरोपी नगरसेवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

जनता पूछ रही सवाल…

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जनता का प्रतिनिधित्व करने वाला व्यक्ति यदि निजी विवादों को कानून और मर्यादा से ऊपर रखकर सड़कों पर निपटाने लगे, तो आम नागरिकों को क्या संदेश जाएगा?

घुग्घुस में यह मामला अब केवल एक मारपीट का नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही और महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। शहर भर में इस घटना की चर्चा है और लोग निष्पक्ष जांच तथा सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी, लेकिन फिलहाल एक बात साफ है—निजी रिश्तों का विवाद अब सार्वजनिक और राजनीतिक चर्चा का विषय बन चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here