Home Breaking News एक ही दिन में तीन नाबालिग लापता, चंद्रपुर जिले में बढ़ी चिंता

एक ही दिन में तीन नाबालिग लापता, चंद्रपुर जिले में बढ़ी चिंता

205

एक ही दिन में तीन नाबालिग लापता, चंद्रपुर जिले में बढ़ी चिंता



रामनगर, राजुरा और दुर्गापुर थाना क्षेत्र की घटनाएं, अपहरण का मामला दर्ज


चंद्रपुर : चंद्रपुर जिले में एक ही दिन में तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन नाबालिग बच्चों के रहस्यमय तरीके से लापता होने की घटनाओं ने जिले में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। रामनगर, राजुरा और दुर्गापुर पुलिस थाना क्षेत्रों में दर्ज इन मामलों में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बहला-फुसलाकर बच्चों को ले जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपहरण के मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रामनगर से 16 वर्षीय बालक लापता

पहली घटना रामनगर थाना क्षेत्र की है, जहां 16 वर्षीय एक किशोर अचानक घर से बिना किसी को बताए निकल गया। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। लापता किशोर का रंग गोरा, कद लगभग 4 फीट 3 इंच तथा शरीर मजबूत है। घर से निकलते समय उसने नीले रंग की सेंडो बनियान और काले रंग का लोअर पहन रखा था। मामले की जांच पुलिस शिपाई महादेव खोब्रागड़े कर रहे हैं।

राजुरा से नाबालिग लड़की रहस्यमय ढंग से गायब

दूसरी घटना राजुरा थाना क्षेत्र की है। यहां 16 वर्ष 3 माह की एक किशोरी दोपहर के समय घर से निकल गई और वापस नहीं लौटी। परिजनों एवं सहेलियों के यहां खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया। लापता किशोरी का रंग गोरा, चेहरा लंबा, बाल काले व घुंघराले तथा कद लगभग 4 फीट 2 इंच है। घर से निकलते समय उसने पर्पल रंग की जींस पैंट, लाल रंग की टी-शर्ट और नीले रंग के जूते पहने हुए थे। इस मामले की जांच पुलिस हवालदार विनोद कोरवटे कर रहे हैं।

दुर्गापुर से छात्रा स्कूल बैग लेकर हुई लापता

तीसरी घटना दुर्गापुर थाना क्षेत्र की है। यहां रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा सुबह घर से बिना किसी को बताए निकल गई। परिजनों द्वारा जांच करने पर पता चला कि वह अपना स्कूल बैग भी साथ ले गई है। छात्रा मराठी, हिंदी और गोंडी भाषा बोलती है। उसका रंग गोरा और शरीर दुबला-पतला है। घर से निकलते समय उसने जींस पैंट और टी-शर्ट पहन रखी थी। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक नरेश उरकुडे कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की तलाश

एक ही दिन में जिले के तीन अलग-अलग क्षेत्रों से तीन नाबालिग बच्चों के लापता होने की घटनाओं ने नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने सभी मामलों में अपहरण का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है तथा बच्चों की तलाश के लिए विशेष प्रयास शुरू किए हैं। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी को इन बच्चों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन को सूचित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here