जेसीबी और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर घायल
टक्कर मारकर भाग रहा चालक पकड़ा गया, राजनीतिक नेता की मशीन होने की चर्चा से मामला गरमाया
घुग्घुस : घुग्घुस-नकोड़ा मार्ग पर सोमवार शाम एक तेज रफ्तार जेसीबी मशीन और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि टक्कर मारकर भागने की कोशिश कर रहे जेसीबी चालक को स्थानीय नागरिकों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शरद काले (25 वर्ष) अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर (एमएच-34 सीटी-9386) से नकोड़ा मार्ग होते हुए घुग्घुस की ओर आ रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे सामने से आ रही जेसीबी मशीन (एमएच-34 बीवी-4067) से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद जेसीबी चालक मनोज कुमार मौके से फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सतर्क नागरिकों ने उसे पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन तथा क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायल शरद काले को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस बीच क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज है कि दुर्घटना में शामिल जेसीबी मशीन शहर के एक राजनीतिक दल के नेता तथा नगर परिषद के एक पदाधिकारी से संबंधित बताई जा रही है। इस कारण मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि जेसीबी चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के दस्तावेज और मशीन के संचालन की वैधता की गहन जांच की जाए।
हैरानी की बात यह है कि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी प्रकार का अपराध दर्ज नहीं किया गया था, जिससे नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि सामान्य नागरिक की गाड़ी से ऐसा हादसा होता तो तत्काल कार्रवाई होती, लेकिन इस मामले में देरी कई सवाल खड़े कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।