Home Breaking News योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं – जिलाधिकारी वसुमना पंत

योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं – जिलाधिकारी वसुमना पंत

33

योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं – जिलाधिकारी वसुमना पंत



अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास


चंद्रपुर, () : 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला क्रीड़ा संकुल, चंद्रपुर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खिलाड़ियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी वसुमना पंत ने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

जिला प्रशासन, जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय, मेरा युवा भारत, खेलो इंडिया, शिक्षा विभाग एवं पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में चंद्रपुर की महापौर संगीता खांडेकर, विधायक किशोर जोरगेवार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह, मनपा आयुक्त अकुनूरी नरेश, निवासी उपजिलाधिकारी दगडू कुंभार, जिला क्रीड़ा अधिकारी अविनाश पुंड, शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अश्विनी सोनवणे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी वसुमना पंत ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में लोग मानसिक और शारीरिक तनाव से जूझ रहे हैं। ऐसे में नियमित योगाभ्यास ही बेहतर स्वास्थ्य और मानसिक शांति का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए तो व्यक्ति स्वस्थ, प्रसन्न और तनावमुक्त जीवन जी सकता है।

उन्होंने कहा कि योग भारत की विश्व को दी गई अमूल्य देन है, जिसे आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक मान्यता प्राप्त हो चुकी है। प्रतिदिन कम से कम एक घंटे का योगाभ्यास अनेक बीमारियों और मानसिक तनाव को कम करने में सहायक सिद्ध हो सकता है।

इस अवसर पर विधायक किशोर जोरगेवार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने मोबाइल फोन की बैटरी रोज चार्ज करते हैं, उसी प्रकार शरीर और मन को ऊर्जावान बनाए रखने के लिए प्रतिदिन कम से कम एक घंटे योग करना आवश्यक है।

महापौर संगीता खांडेकर ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ और फिट रहता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह किया।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली ज्योति देऊरकर तथा मिशन लक्ष्यवेध में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खेलो इंडिया के खिलाड़ी अंकिता चव्हाण और सोहम मोरे का मान्यवरों के हाथों सम्मान किया गया।

वॉटर योगा ने जीता सभी का दिल

मुख्य कार्यक्रम से पूर्व जिला क्रीड़ा संकुल के स्विमिंग पूल में आयोजित “वॉटर योगा” विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। 89 वर्षीय कृष्णाजी नागपुरे सहित सुवर्णा नागपुरे कामडे, संजीव कुमार जयपुरकर और प्रदीप मोहनापुरे ने जल में योगासन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने स्कंधचक्रासन, ताड़ासन, वृक्षासन, पदहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, वक्रासन, शवासन सहित कपालभाति, नाड़ी शोधन, भ्रामरी, शीतली और अनुलोम-विलोम जैसे प्राणायाम का अभ्यास किया।

कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा अधिकारी मोरेश्वर गायकवाड ने किया। इस अवसर पर पतंजलि योग समिति, खेलो इंडिया के प्रशिक्षकों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।
योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं – जिलाधिकारी वसुमना पंत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here