Home Breaking News चंद्रपुर को मिलेंगे विकास के नए पंख: मोरवा में आधुनिक एयरपोर्ट निर्माण...

चंद्रपुर को मिलेंगे विकास के नए पंख: मोरवा में आधुनिक एयरपोर्ट निर्माण के लिए विधानसभा में गूंजा मुद्दा

124

चंद्रपुर को मिलेंगे विकास के नए पंख: मोरवा में आधुनिक एयरपोर्ट निर्माण के लिए विधानसभा में गूंजा मुद्दा



विधायक सुधीर मुनगंटीवार की जोरदार पैरवी, सरकार ने दिया सकारात्मक आश्वासन


मुंबई/चंद्रपुर। चंद्रपुर जिले को हवाई सेवाओं से जोड़ने और औद्योगिक एवं पर्यटन विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने विधानसभा में मोरवा में आधुनिक व्यावसायिक हवाई अड्डे के निर्माण का मुद्दा प्रभावशाली ढंग से उठाया। उन्होंने सरकार से मौजूदा हवाई पट्टी का विस्तार कर उसे 1800 मीटर तक बढ़ाने, आवश्यक भूमि अधिग्रहण करने तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया एयरपोर्ट विकसित करने की मांग की।

विधानसभा में हुई इस चर्चा के दौरान मंत्री आशीष शेलार ने विधायक मुनगंटीवार की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि मोरवा एयरपोर्ट परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और आवश्यक सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी की जाएंगी।

विधायक मुनगंटीवार ने कहा कि चंद्रपुर महाराष्ट्र का प्रमुख खनिज, ऊर्जा और सीमेंट उद्योग केंद्र होने के साथ-साथ विश्व प्रसिद्ध ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व के कारण अंतरराष्ट्रीय पर्यटन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके बावजूद जिले में व्यावसायिक हवाई सेवा का अभाव विकास की राह में बड़ी बाधा बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में मोरवा में केवल 950 मीटर लंबी हवाई पट्टी होने के कारण व्यावसायिक विमान संचालन संभव नहीं है। इसलिए रनवे को 1800 मीटर तक विस्तारित कर आधुनिक टर्मिनल भवन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टॉवर, नाइट लैंडिंग सुविधा तथा अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाना आवश्यक है।

मुनगंटीवार ने कहा कि मोरवा एयरपोर्ट बनने से ताडोबा पर्यटन, बांस अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र (BRTC), सैनिक स्कूल, ऊर्जा परियोजनाओं तथा भविष्य में आने वाले औद्योगिक निवेश को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि इस परियोजना को लेकर तैयार किए गए प्रस्तुतीकरण पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी सकारात्मक रुख अपनाया है और राज्य सरकार चंद्रपुर के विकास के लिए इस परियोजना को प्राथमिकता देने के पक्ष में है।

उत्तर देते हुए मंत्री आशीष शेलार ने विधायक सुधीर मुनगंटीवार के निरंतर, अध्ययनपूर्ण और विकासोन्मुख प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मोरवा एयरपोर्ट केवल चंद्रपुर की आवश्यकता नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के औद्योगिक, पर्यटन और आर्थिक विकास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है।

मंत्री शेलार ने आश्वासन दिया कि भूमि अधिग्रहण, रनवे विस्तार, आधुनिक मास्टर प्लान तैयार करने तथा व्यावसायिक विमान सेवा शुरू करने के लिए आवश्यक सभी सुविधाओं का विकास संबंधित विभागों के समन्वय से तेजी से किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मोरवा में आधुनिक एयरपोर्ट बनने से ताडोबा पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान, उद्योगों को नई रफ्तार, व्यापार को बढ़ावा और चंद्रपुर के समग्र विकास को नई उड़ान मिलेगी। राज्य सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here