प्रवेशोत्सव पर बच्चों का उत्साह, कलेक्टर ने बांटी किताबें
पाटन आश्रम स्कूल में गणित लैब का उद्घाटन, जल्द बनेगी अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी
चंद्रपुर : नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर जीवती तहसील के शासकीय आश्रम विद्यालय, पाटन में मंगलवार को प्रवेशोत्सव बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी वसुमना पंत ने विद्यार्थियों को पहले ही दिन निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रकल्प अधिकारी विकास राचेलवार, तहसीलदार रूपाली मोगरकर, गट विकास अधिकारी दोडके, सरपंच सीताराम मडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बैंड की धुन और नवप्रवेशी विद्यार्थियों की भव्य स्वागत रैली से हुई। पांचवीं कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया तथा उन्हें पुस्तकें एवं शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। वहीं दसवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया।
जिलाधिकारी वसुमना पंत ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति शिक्षा की गुणवत्ता के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बिना किसी आवश्यक कारण के बच्चों की पढ़ाई बाधित न करें। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कौशल आधारित गतिविधियों पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता, छात्र सुविधाओं और शैक्षणिक वातावरण की सराहना की। उन्होंने विद्यालय में स्थापित मैथ्स लैब का उद्घाटन किया तथा पहले से संचालित एस्ट्रोनॉमी लैब का भी निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली।
प्रकल्प अधिकारी विकास राचेलवार ने बताया कि पिछले दो वर्षों में आदिवासी विकास विभाग और जिला खनिज प्रतिष्ठान निधि से विद्यालय में कई विकास कार्य पूरे किए गए हैं। विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही विद्यालय में अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। साथ ही विद्यालय की प्रत्येक कक्षा को डिजिटल बनाने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामवासी, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मारडा में भी धूमधाम से मनाया गया प्रवेशोत्सव
इधर, जिला परिषद उच्च प्राथमिक विद्यालय, मारडा (मोठा) में अतिरिक्त जिलाधिकारी डॉ. नितीन व्यवहारे की उपस्थिति में प्रवेशोत्सव मनाया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें वितरित कीं। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जबकि आकर्षक ढंग से सजाई गई बैलगाड़ी का नेतृत्व स्वयं अतिरिक्त जिलाधिकारी ने किया, जिसने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।