मोरवा की मासूम से दुष्कर्म मामले पर विधानसभा में गरजे विधायक सुधीर मुनगंटीवार
पीड़िता के बेहतर इलाज, मनोवैज्ञानिक परामर्श और आरोपी को कड़ी सजा की उठाई मांग
चंद्रपुर, ()चंद्रपुर शहर के समीप स्थित मोरवा गांव में पांच वर्षीय बालिका के साथ हुए कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने महाराष्ट्र विधानसभा में सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने इस घटना को अत्यंत गंभीर और मानवता को झकझोर देने वाला बताते हुए दोषी के खिलाफ त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
विधानसभा में औचित्य का मुद्दा उठाते हुए मुनगंटीवार ने कहा कि 28 जून को हुई इस घटना में पड़ोसी 61 वर्षीय सेवानिवृत्त व्यक्ति के खिलाफ पडोली पुलिस थाने में पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले की तेज गति से जांच कर आरोपी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से अभिभावकों में भय का माहौल पैदा हो रहा है और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुनगंटीवार ने पीड़ित बालिका को तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सकीय उपचार, मनोवैज्ञानिक सहायता और काउंसलिंग उपलब्ध कराने की भी मांग की, ताकि वह इस मानसिक आघात से उबर सके।
इसके साथ ही उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, जिससे पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके।
विधायक मुनगंटीवार ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, स्कूलों और आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा बाल सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसे जघन्य अपराधों के खिलाफ सरकार को सख्त एवं प्रभावी नीति अपनानी चाहिए, ताकि समाज में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।