बिना नंबर दौड़ रहा नगर परिषद का कचरा ट्रैक्टर! नियमों पर उठे सवाल, कार्रवाई की उठी मांग
घुग्घुस नगर परिषद पर लापरवाही के आरोप, चार-पांच महीनों से बिना रजिस्ट्रेशन नंबर सड़कों पर दौड़ रहा वाहन–
घुग्घुस : घुग्घुस नगर परिषद का एक कचरा संग्रहण ट्रैक्टर पिछले चार से पांच महीनों से बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के शहर की सड़कों पर संचालित होने का मामला सामने आया है। इसको लेकर नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है और नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रत्येक वाहन पर वैध पंजीकरण नंबर प्रदर्शित करना अनिवार्य है। इसके बावजूद नगर परिषद का वाहन खुलेआम बिना नंबर प्लेट के शहर में कचरा संग्रहण कर रहा है। ऐसे में आम नागरिकों पर नियम लागू होते हैं, लेकिन सरकारी संस्था के वाहन पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही, यह बड़ा सवाल बन गया है।
नागरिकों ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि यदि नगर परिषद के पास वाहन पर नंबर प्लेट लगाने के लिए धन नहीं है, तो क्या शहरवासियों को चंदा इकट्ठा कर इसकी व्यवस्था करनी पड़ेगी?
शहरवासियों ने यातायात पुलिस और संबंधित परिवहन विभाग से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच की जाए। यदि वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए और नगर परिषद को तत्काल वाहन पर अधिकृत पंजीकरण नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए जाएं।
फिलहाल इस मामले को लेकर नागरिकों में चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।